Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय त्रिशूर के ओल्लूर में दो बसों की आमने-सामने टक्कर, 30 मिनट के...

त्रिशूर के ओल्लूर में दो बसों की आमने-सामने टक्कर, 30 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित निकाला

0
9

त्रिशूर, 26 जून (आईएएनएस)। केरल के त्रिशूर जिले के ओल्लूर स्थित केएसईबी कार्यालय के पास शुक्रवार सुबह दो निजी बसों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों बसों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और ड्राइवर केबिन बुरी तरह पिचक गया।

हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे में अंबाल्लूर-कल्लूर और अंबाल्लूर-पलाप्पिल्ली रूट पर चलने वाली दो बसें शामिल थीं। सबसे अधिक चोट एक बस के चालक निर्मल को लगी, जो टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। चालक को सुरक्षित निकालने के लिए टीम को केबिन का हिस्सा काटना पड़ा। करीब 30 मिनट तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निर्मल को बाहर निकाला गया और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे में बसों में सवार कई यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस सेवाओं ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया जहां सभी का इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

टक्कर के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बसों को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य किया गया।

फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएंगी, अभी तक हादसा की वजह पता नहीं चल पाई है, इसके लिए टीम का भी गठन किया जा रहा है, जो मामले की जांच करेगी। इसके साथ ही घटना के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी सहायता ली जा सकती है।