Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर से 51 किलो गांजा...

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर से 51 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार

0
6

रायपुर, 26 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भुवनेश्वर से कानपुर जा रहे अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर पर कार्रवाई करते हुए 51 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख 50 हजार रुपए है।

इसके अतिरिक्त पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन सहित 5 लाख 10 हजार रुपए की कीमती संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी है। महासमुंद पुलिस को गांजा तस्कर को पकड़ने में यह सफलता सटीक सूचना एवं त्वरित कार्रवाई से मिली है, हालांकि पुलिस को देखकर गांजा तस्कर ने भागने का प्रयास किया था।

दरअसल, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी, परिवहन तथा बिक्री, इंड-टू-इंड इन्वेस्टिगेशन और वित्तीय जांच पर प्रभावी एवं विधिवत कार्रवाई करने के लिए निर्देश प्राप्त हुआ था, जिसके परिपालन में जिले में पुलिस के द्वारा लगातार चेकिंग कार्रवाई की जा रही है।

इसी दरमियान महासमुंद पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में ओडिशा की ओर से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर छत्तीसगढ की ओर आ रहा है। प्राप्त सूचना से एनएच 53 रोड रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद एक मारुति सुजुकी कार आई, जिसे रोका गया, तभी ड्राइवर के साथ बैठा दूसरा व्यक्ति वाहन से उतरकर जंगल की ओर भाग निकला।

पुलिस पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम आलोक कुमार चौहान (32 वर्ष) तथा फरार व्यक्ति का नाम संजीव कुमार बताया। आरोपी से पूछताछ करने पर पता चला कि गाड़ी की बीच वाली सीट पर रखे तीन प्लास्टिक के बोरों में गांजा रखा हुआ था। उसने बताया कि वह इसे बेचने के लिए भुवनेश्वर से कानपुर ले जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलोक कुमार चौहान (32 वर्ष, साकिन नेगवा खिरिया थाना किशनी, जिला मैनपुरी, यूपी) के रूप में हुई है। फरार आरोपी संजीव कुमार (आर जेड 69 एच-हरिजन बस्ती वेस्टसागरपुर, दक्षिण पश्चिम दिल्ली) की तलाश जारी है।

पुलिस द्वारा की गई जब्ती में 51 किलो गांजा (कीमत 25,50,000 रुपए), एक कार (कीमत 5,00,000 रुपए) और एक मोबाइल (कीमती 10,000 रुपए) शामिल हैं। इन सभी जब्त संपत्तियों की कीमत लगभग 30,60,000 रुपए है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।