Monday, June 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति प्रधानमंत्री मोदी का वैश्विक सम्मान 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान: भाजपा

प्रधानमंत्री मोदी का वैश्विक सम्मान 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान: भाजपा

0
6

नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और विभिन्न देशों द्वारा दिए जा रहे सर्वोच्च नागरिक सम्मानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने इसे भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक बताया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने प्रधानमंत्री की सेशेल्स यात्रा और वहां मिले सम्मान को भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव का प्रमाण बताया। वहीं, यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्लोवाकिया द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान का स्वागत करते हुए इसे पूरे देश का सम्मान बताया।

पटना में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है कि आज भारत को विश्व स्तर पर ‘वॉइस ऑफ द ग्लोबल साउथ’ के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है और दुनिया भारत की बात को गंभीरता से सुन रही है। प्रधानमंत्री मोदी का दृष्टिकोण ‘विश्व बंधु’ और ‘अ फ्रेंड टू द वर्ल्ड’ का है, जिसके कारण भारत की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता लगातार बढ़ी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत ने जब अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र में रखा, तो उसे रिकॉर्ड समय में मंजूरी मिली और आज पूरी दुनिया हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है।

उन्होंने कहा कि भारत अब केवल वैश्विक मुद्दों पर अपनी बात रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाधान प्रस्तुत करने वाला देश बन चुका है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े वैश्विक आयोजनों में भारत की सक्रिय भूमिका, जी-20 की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्य बनाने की पहल और विकासशील देशों के हितों की पैरवी, भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी को अब तक 23 से अधिक देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। सेशेल्स में भी उन्हें जिस सम्मान से नवाजा गया, वह भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी स्वयं भी कई बार कह चुके हैं कि उनका सम्मान वास्तव में 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है और इससे पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा होता है।

वहीं, लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस’ से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के अनेक देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है, जो उनके वैश्विक नेतृत्व और भारत की बढ़ती साख का प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान केवल किसी एक व्यक्ति का सम्मान नहीं है, बल्कि यह देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है।