Wednesday, July 1, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स की कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद चार...

पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स की कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद चार गिरफ्तार, हथियार बरामद

0
6

चंडीगढ़, 30 जून (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने बठिंडा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ के बाद यह गिरफ्तारी की गई। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और दो खाली खोखे बरामद किए हैं।

पंजाब डीजीपी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बठिंडा के सरहिंद नहर लिंक रोड के पास की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी एक आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और बठिंडा के भगता भाईका थाना क्षेत्र में दर्ज एक हालिया आपराधिक मामले में वांछित थे।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक आरोपी घायल हो गया। गिरफ्तार किए गए सभी चार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है और वे कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।

इस संबंध में थाना कैंट, बठिंडा में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है ताकि आरोपियों के नेटवर्क, उनके अन्य सहयोगियों और आपराधिक गतिविधियों के व्यापक नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

इससे पहले, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्तौल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे। वे सीमा पार के रास्तों से अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर उन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे।

इस संबंध में अमृतसर के छेहरटा थाना और मकबूलपुरा थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। इस नेटवर्क से जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पंजाब पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार तस्करी, संगठित अपराध और सीमा पार संचालित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।