Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मुंबई स्कूल बस हादसा: पेड़ गिरने से छात्र की मौत मामले में...

मुंबई स्कूल बस हादसा: पेड़ गिरने से छात्र की मौत मामले में मेयर ने दिए जांच के निर्देश

0
4

मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। मुंबई के चेंबूर स्थित डायमंड उद्यान इलाके में मंगलवार दोपहर एक बड़ा और पुराना पीपल का पेड़ स्कूल बस पर गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा पूरे मामले की जांच के आदेश दिए।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 2:58 बजे हुआ। यूनिवर्सल हाई स्कूल की बस (एमएच 03/सीवी 7439) छात्रों को स्कूल से घर लेकर जा रही थी, तभी सड़क किनारे खड़ा एक पुराना और विशाल पीपल का पेड़ अचानक चलती बस पर गिर पड़ा।

हादसे के तुरंत बाद चालक, परिचालक, स्थानीय नागरिकों, मुंबई फायर ब्रिगेड, बीएमसी अधिकारियों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। बस में सवार 13 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से पांच घायल छात्रों को तत्काल जेन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मेयर ऋतु तावड़े ने पहले घटनास्थल पर राहत कार्यों की समीक्षा की और बाद में जेन अस्पताल पहुंचकर मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने आईसीयू में भर्ती घायल छात्र से भी मुलाकात की और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया गया है। अन्य चार घायल छात्रों में से एक को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है, जबकि एक छात्र आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी चार घायल छात्रों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

मेयर ने हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित सड़क पर मानसून से पहले पेड़ों की छंटाई की गई थी। अब यह भी जांच की जाएगी कि क्या हाल ही में इस क्षेत्र में सड़क का सीमेंट-कंक्रीटीकरण हुआ था और क्या स्थानीय नागरिकों की ओर से पेड़ को लेकर कोई शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान विधायक तुकाराम काटे, उपमहापौर संजय घाडी, विभिन्न स्थायी समितियों के पदाधिकारी, स्थानीय नगरसेवक तथा बीएमसी के अतिरिक्त नगर आयुक्त (पूर्वी उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।