Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मुंबई के कुर्ला में भारी बारिश के बीच पेड़ गिरने से बुजुर्ग...

मुंबई के कुर्ला में भारी बारिश के बीच पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत, मुआवजे का ऐलान

0
9

मुंबई, 5 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई के कुर्ला (पश्चिम) के नौपाडा इलाके में भारी बारिश के दौरान एक पेड़ गिरने से 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। महापौर रितु तावड़े ने इस दुखद घटना पर मृतक के परिजनों के लिए 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि (मुआवजा) घोषित की है। उन्होंने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर मौके का जायजा लिया।

मुंबई में कई जगहों पर बीएमसी के काम चल रहे हैं। भारी बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं। दोनों के एक साथ होने के कारण पूरे शहर में पेड़ और उनकी टहनियां गिरने की कई घटनाएं हो रही हैं।

महापौर रितु तावड़े ने लोगों से अपील की कि वे केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें, अन्यथा घर पर ही रहें।

महापौर रितु तावड़े ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और दर्दनाक है। पीड़ित अपनी दुकान खोलने के लिए वहां आए थे, तभी पेड़ की एक टहनी उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई। हम उनके परिवार के साथ पूरी तरह खड़े हैं। हमारे स्थानीय पार्षद ने प्रशासन को दो बार पत्र लिखकर इस पेड़ की खतरनाक स्थिति के बारे में चेतावनी दी थी। फिर भी इस पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई, इसकी जांच कराई जाएगी। मैं पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा करती हूं।

साथ ही, महापौर ने पूरे मुंबई में पुराने पेड़ों, खासकर कंक्रीट वाली सड़कों के किनारे वाले पेड़ों का ऑडिट कराने का निर्देश दिया है। पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए, मैं सभी मुंबईवासियों से अपील करती हूं कि वे बेवजह यात्रा न करें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा पेड़ों के नीचे गाड़ियां पार्क न करें। जहां भी लापरवाही पाई जाएगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक्स पोस्ट के माध्यम से भी महापौर रितु तावड़े ने मुंबई के लोगों को जागरूक किया। उन्होंने मुंबईवासियों से विनम्र अपील की है कि मुंबई में भारी बारिश हो रही है और ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। तेज हवाओं के कारण पेड़ और टहनियां गिर रही हैं। ऐसी स्थिति में आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें।

दूसरी ओर, शिवसेना (यूबीटी) नेता किशोरी पेडनेकर ने कहा कि मुझे नहीं पता कि महापौर कहां व्यस्त रहती हैं। मैं उनका सम्मान करती हूं लेकिन आज तक उन्हें कभी मैदान में नहीं देखा। अब वे कह सकती हैं कि ‘मैं यहां थी, मैं वहां थी।’ उन्होंने मुझसे जमीनी स्तर पर काम करने को कहा लेकिन मेरा जवाब है कि खुद जमीनी स्तर पर आकर देखिए। हम तो पहले से ही जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। जिस ठेकेदार ने यह सड़क बनाई है, उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।