Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय पाकिस्तान: भारी बारिश और फ्लैश फ्लड ने मचाई तबाही, खैबर पख्तूनख्वा में...

पाकिस्तान: भारी बारिश और फ्लैश फ्लड ने मचाई तबाही, खैबर पख्तूनख्वा में 18 की मौत

0
6

इस्लामाबाद, 23 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश और फ्लैश फ्लड ने बड़े स्तर पर तबाही मचाई है। खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत में 19 जुलाई से अब तक बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो गई जबकि 19 अन्य घायल हुए हैं। यह जानकारी प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने गुरुवार को दी।

पीडीएमए के अनुसार, अधिकांश मौत मकानों की छत या दीवार गिरने और लोगों के फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से हुईं। मृतकों में आठ बच्चे, सात पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं, घायलों में 11 पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे हैं।

बारिश और बाढ़ से 30 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 23 आंशिक रूप से और सात पूरी तरह से नष्ट हो गए।

बारिश से जुड़ी घटनाएं बुनैर, स्वाबी, मर्दान, बाजौर, शांगला, लोअर चितराल, पेशावर, नौशेरा, खैबर, लोअर और अपर दीर, एबटाबाद, मानसेहरा, तोर घर, कुर्रम तथा उत्तर और दक्षिण वजीरिस्तान सहित कई जिलों में दर्ज की गई हैं।

पीडीएमए ने बताया कि रेस्क्यू 1122, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

उधर, पंजाब प्रांत के गुजरांवाला, नारोवाल, पाकपत्तन और लाहौर में भी बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं।

सबसे अधिक प्रभावित गुजरांवाला रहा, जहां मकानों की छत और दीवार गिरने, तालाबों में डूबने और करंट लगने जैसी घटनाओं में छह लोगों, जिनमें अधिकांश बच्चे थे, की जान चली गई। वहीं, पाकपत्तन में बारिश के दौरान मकान की छत गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई और उनकी मां घायल हो गई।

लाहौर के गुलशन-ए-रावी इलाके में एक फैक्ट्री की छत गिरने से चार मजदूर घायल हो गए। इसके अलावा गुजरात में जीटी रोड बाईपास पर बारिश के कारण फिसलकर एक ट्रेलर खाई में गिर गया।

लगातार लगभग 10 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण गुजरात और गुजरांवाला के मुख्य मार्ग और आसपास के इलाके जलमग्न हो गए, जिससे व्यापारिक गतिविधियां और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

गुजरांवाला में अमिनाबाद से गक्खर मंडी के बीच निर्माणाधीन मेट्रो बस परियोजना के लिए जीटी रोड पर चल रही खुदाई के कारण जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।