Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मध्य प्रदेश में यूसीसी विधायक पारित होने पर मुख्यमंत्री का इंदौर में...

मध्य प्रदेश में यूसीसी विधायक पारित होने पर मुख्यमंत्री का इंदौर में जोरदार स्वागत

0
5

इंदौर, 23 जुलाई (आईएएनएस )। मध्य प्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित होने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का इंदौर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। मध्य प्रदेश देश का चौथा राज्य बन गया है जहां यूसीसी विधेयक पारित हो गया है। राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सरकार ने इस विधेयक को पेश किया और वह ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को इंदौर पहुंचे तो वहां विभिन्न धर्म से जुड़े लोगों के साथ आम लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की आज जयंती है। हम सबका सौभाग्य है कि चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह जैसे क्रांतिकारियों ने देश को आजादी दिलाई और एक ऐसे देश की कल्पना की जो सबको समान अवसर दे, समान दृष्टि से देखे। एक समान कानून के अंदर सबको जीवन-यापन का अधिकार है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज वो सारे काम हो रहे हैं, जिन कामों के लिए हमारे क्रांतिकारियों ने देश को आजादी का सूरज दिखाया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अभी यहां सभी धर्मों के लोगों ने यूसीसी का समर्थन करते हुए राज्य सरकार का अभिनंदन किया। यूसीसी के लिए हमने साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा लोगों से संपर्क किया। इसके समर्थन में 10 लाख सुझाव आए। उन्होंने कहा कि यूसीसी कानून लागू होने के बाद मध्यप्रदेश उन बड़े राज्यों में शामिल होगा, जो समान कानून के साथ जनता के अधिकारों की सुरक्षा कर रहे हैं। यूसीसी में विवाह, विवाह विच्छेद, उत्तराधिकार जैसे कई मसले शामिल हैं। क्या हिंदू-क्या मुस्लिम-क्या पारसी-क्या ईसाई, सबके लिए एक ही कानून लागू होगा। हम एक देश-एक विधान-एक निशान-एक प्रधान की नीति पर चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इंदौर के साथ विकास जुड़ा हुआ है। इंदौर प्रदेश के बाकी हिस्सों के लिए प्रगति के रास्ते खोलता है। डबल-डेकर ब्रिज अपने आप में आधुनिक तकनीक का सबसे उत्कृष्ट उदाहरण है। ये केवल इंदौर ही कर सकता है कि नीचे ब्रिज-उसके ऊपर रेल-उसके ऊपर एक और ब्रिज।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम