Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल इंग्लैंड वनडे विश्व कप 2027 से पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की...

इंग्लैंड वनडे विश्व कप 2027 से पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगा

0
7

लंदन, 23 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने इंग्लैंड के 2027 के घरेलू अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। पुरुष टीम अलग-अलग फॉर्मेट में पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगी, जबकि महिला टीम गर्मियों के सीजन का समापन बांग्लादेश के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज के साथ करेगी।

इंग्लैंड की पुरुष टीम अपने घरेलू अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज से करेगी, जो 15 मई को यूटिलिटा बाउल में शुरू होगी। इसके बाद इंग्लैंड अपना ध्यान रेड-बॉल फॉर्मेट पर केंद्रित करेगा।

बांग्लादेश की टीम लॉर्ड्स में एक टेस्ट मैच खेलने आएगी, जो 28 मई से शुरू होगा। इंग्लैंड 2010 के बाद पहली बार अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेगी। गर्मियों के सीजन के बाद इंग्लैंड की टीम वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी करेगी। सितंबर में न्यूजीलैंड की टीम व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगी। सीरीज के दौरान 3 टी20 और 5 वनडे मैच खेले जाएंगे। इंग्लैंड की महिला टीम भी सितंबर में बांग्लादेश का सामना करेगी और तीन मैचों की टी20 सीरीज के बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड ने बांग्लादेश की पुरुष और महिला टीमों के स्वागत के महत्व पर जोर दिया और साथ ही इंग्लैंड की वर्ल्ड कप तैयारियों में न्यूजीलैंड के दौरे की अहमियत को भी रेखांकित किया। ईसीबी के एक बयान में गुरुवार को गोल्ड ने कहा, “हम लॉर्ड्स में बांग्लादेश की पुरुष टीम का एक टेस्ट मैच के लिए स्वागत करने को लेकर उत्साहित हैं। 2010 के बाद यह पहला मौका होगा जब हम उनके साथ घरेलू मैदान पर टेस्ट मैच खेलेंगे। साथ ही, हम बांग्लादेश की महिला टीम की भी व्हाइट-बॉल सीरीज की मेजबानी करेंगे। न्यूजीलैंड की पुरुष टीम व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए दौरा करेगी, जो 2027 आईसीसी पुरुष विश्व कप से पहले हमारी इंग्लैंड पुरुष टीम के लिए बहुत अहम होगी। हमारे पास गर्मियों का ऐसा शेड्यूल है जिसमें सभी फॉर्मेट में बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिलेगा और यह हमारी सभी इंग्लैंड टीमों और प्रशंसकों के लिए शानदार होगा।”

इस शेड्यूल से इंग्लैंड की पुरुष टीम को दक्षिणी अफ्रीका में होने वाले विश्व कप से पहले 50-ओवर और टी20 क्रिकेट का संतुलित अनुभव मिलेगा, साथ ही बांग्लादेश के खिलाफ एक अलग टेस्ट मैच के जरिए टेस्ट क्रिकेट का महत्व भी बना रहेगा। महिला टीम के लिए, बांग्लादेश सीरीज व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अपनी लय बनाने का एक और मौका देगी।