न्यूयॉर्क, 24 जुलाई (आईएएनएस)। लेखक सलमान रुश्दी ने उस भयावह हमले का आंखों देखा हाल अदालत में बयान किया, जिसमें 2022 में न्यूयॉर्क राज्य के चौटाक्वा इंस्टीट्यूशन में आयोजित एक साहित्यिक कार्यक्रम के दौरान उन पर चाकू से हमला किया गया था और उनकी दाहिनी आंख चली गई थी।
रुश्दी ने गुरुवार को हमलावर हादी मतर के खिलाफ संघीय आतंकवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में गवाही देते हुए कहा, “मैं मंच पर पड़ा था और मेरे चारों ओर खून का एक बड़ा तालाब था।”
उन्होंने बताया कि हमलावर लगातार उन पर चाकू से वार कर रहा था। रुश्दी ने कहा, “मैं वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह मेरे ऊपर चढ़ा हुआ था और लगातार चाकू से वार कर रहा था।”
हादी मतर को इससे पहले न्यूयॉर्क की राज्य अदालत में हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में दोषी ठहराया जा चुका है। फिलहाल बफेलो की संघीय अदालत में उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से जुड़े आरोपों पर मुकदमा चल रहा है।
अमेरिकी कानूनी व्यवस्था में राज्य और संघीय कानून अलग-अलग हैं। इसलिए एक ही घटना में किसी व्यक्ति पर दोनों कानूनों के तहत अलग-अलग मुकदमे चलाए जा सकते हैं।
लेबनानी मूल का 28 वर्षीय अमेरिकी नागरिक हादी मतर राज्य अदालत द्वारा सुनाई गई 25 वर्ष की सजा काट रहा है। यदि वह संघीय आतंकवाद के आरोपों में भी दोषी ठहराया जाता है तो उसे आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
सुनवाई की शुरुआत में सहायक संघीय अभियोजक टिमोथी लिंच ने अदालत को बताया कि मतर ने 1989 में ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता आयतुल्ला रुहोल्लाह खोमैनी द्वारा जारी उस फतवे को अमल में लाने की कोशिश की, जिसमें रुश्दी की पुस्तक “द सैटेनिक वर्सेज” को ईशनिंदा बताते हुए उनकी हत्या का आह्वान किया गया था।
फतवा जारी होने के बाद बुकर पुरस्कार विजेता रुश्दी कई वर्षों तक ब्रिटिश सरकार की सुरक्षा में रहे। बाद में उन्होंने सार्वजनिक जीवन में वापसी की और न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय से जुड़े रहे।
79 वर्षीय रुश्दी 2022 में न्यूयॉर्क शहर से लगभग 600 किलोमीटर दूर स्थित चौटाक्वा इंस्टीट्यूशन में आयोजित एक साहित्यिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। विडंबना यह रही कि वह लेखकों की सुरक्षा पर बोलने वाले थे, तभी उन पर हमला कर दिया गया।
हमले के बाद के अपने अनुभवों पर रुश्दी ने “नाइफ: मेडिटेशंस आफ्टर एन अटेम्प्टेड मर्डर” शीर्षक से पुस्तक भी लिखी है।
सुनवाई के दौरान सहायक संघीय अभियोजक टिमोथी लिंच के अनुरोध पर रुश्दी ने अपना विशेष चश्मा उतारा, ताकि जूरी सदस्य हमले में खोई उनकी आंख को देख सकें।
रुश्दी ने बताया कि हमले में उनकी आंख के अलावा उनका बायां हाथ भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसके कारण वह अब वाहन नहीं चला सकते। उन्होंने कहा कि हमले में उनका लिवर भी क्षतिग्रस्त हुआ था।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, सितंबर 2020 से अगस्त 2022 के बीच मतर ने कथित तौर पर हिज्बुल्लाह को भौतिक सहायता और संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया था।
आतंकवाद के आरोपों का खंडन करते हुए मतर के वकील नैथेनियल बैरोन ने अदालत में कहा कि उनका मुवक्किल किसी संगठन की ओर से नहीं, बल्कि एक भड़के हुए मुसलमान के रूप में अकेले काम कर रहा था।
बचाव पक्ष के वकील ने रुश्दी से पूछा कि क्या उन्हें अपनी पुस्तक “द सैटेनिक वर्सेज” के कारण इस्लामी चरमपंथियों के हमले की आशंका पहले से होनी चाहिए थी।
इस पर रुश्दी ने सवाल को खारिज करते हुए कहा, “मुझे नहीं लगता कि इस मुकदमे में मेरी किताब पर सुनवाई हो रही है। यहां किसी और पर मुकदमा चल रहा है।”

