हरारे, 25 जुलाई (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे में स्थित ‘इंडिया हाउस’ में भारत के राजदूत महामहिम ब्रह्मा कुमार से भारतीय टीम ने खास मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर और अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण को सम्मानित किया गया।
बीसीसीआई ने इस खास मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। बोर्ड ने लिखा, “हरारे में एक यादगार शाम। जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच से पहले जिम्बाब्वे में भारत के राजदूत महामहिम ब्रह्मा कुमार ने हरारे स्थित इंडिया हाउस में टीम इंडिया की मेजबानी की।” जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय टीम का प्रदर्शन पहले टी20 मुकाबले में शानदार रहा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने मेजबान टीम को 7 विकेट से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट में लंबे समय बाद वापसी कर रहे मयंक यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए। मयंक को दूसरे छोर से अशोक शर्मा और प्रिंस यादव का भी अच्छा साथ मिला। प्रिंस ने 4 ओवर में 29 रन देकर दो विकेट चटकाए। स्पिन गेंदबाजी में रवि बिश्नोई भी काफी किफायती रहे और उन्होंने 4 ओवर में महज 24 रन देकर एक विकेट निकाला।
जिम्बाब्वे से मिले 126 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने आसानी से 13.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया। वह टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने। 19 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। वहीं, ईशान किशन ने 35 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। बतौर कप्तान अय्यर की यह पहली जीत रही। इससे पहले, भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ 0-2 और फिर इंग्लैंड में 0-4 से टी20 सीरीज गंवानी पड़ी थी।

