Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध हरदोई में व्यापारी के घर हुई 1.29 करोड़ की चोरी का खुलासा,...

हरदोई में व्यापारी के घर हुई 1.29 करोड़ की चोरी का खुलासा, तीन नौकर समेत 14 आरोपी गिरफ्तार

0
4

हरदोई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हरदोई में रेलवेगंज निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी का देर रात पुलिस ने एक सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है और दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये की बरामदगी भी की है।

शनिवार देर रात घटना का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि 16 और 17 जुलाई की मध्यरात्रि में रेल्वेगंज निवासी कारोबारी पंकज के घर से नगदी से भरे बैग चोरी होने की सूचना मिली थी। कारोबारी ने अपने तीन नौकरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। इसी आधार पर कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज कर एसओजी, स्वाट और स्थानीय पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया। 25 जुलाई को टीमों ने मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया, लगभग 1.29 करोड़ रुपये कैश बरामद किया।

जांच में सामने आया कि तीनों नौकरों की नीयत खराब हो गई थी। उन्होंने घर के लोगों के खाने में नींद की गोलियां मिलाईं, जिससे सभी गहरी नींद में सो गए। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों को बुलाया, जो एक वाहन और छोटा हाथी लेकर पहुंचे और नगदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए।

पुलिस की लगातार कार्रवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी होती गई और एक-एक कर पूरे गिरोह का खुलासा हो गया। जांच में पता चला कि तीनों नौकरों ने पहले दो बाल अपचारियों से संपर्क किया। पुलिस ने बेलाहा निवासी अजय शुक्ला और विशाल उर्फ गोलू, ग्रामेडा निवासी शोभित, नगेटा पूर्वी निवासी बदन, केशव, शिवम और नीरज, सुरसा क्षेत्र के बर्रा डाल सिंह निवासी परम किशोर, जमादार कॉलोनी निवासी सनी वाल्मीकि, बेहटागोकुल के कोडरा सरैया निवासी प्रिंस, लखनऊ के मड़ियाव निवासी दीपक साहू, सनी गुप्ता और अमान और बाराबंकी निवासी महफूज उर्फ लाली को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।