Wednesday, July 29, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल सीडब्ल्यूजी 2026: बॉक्सर साक्षी के बाद अरुंधति ने भी पक्का किया मेडल,...

सीडब्ल्यूजी 2026: बॉक्सर साक्षी के बाद अरुंधति ने भी पक्का किया मेडल, महिला 70 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश

0
7

ग्लासगो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बुधवार को महिला बॉक्सर साक्षी के बाद अरुंधति चौधरी (70 किलोग्राम वर्ग) ने भी देश के लिए एक और मेडल पक्का कर लिया। एसईसी हॉल-5 में अरुंधति ने न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 के विभाजित फैसले से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाते हुए कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित कर दिया है।

राजस्थान से कॉमनवेल्थ गेम्स तक पहुंचने वाली पहली महिला मुक्केबाज अरुंधति चौधरी को पहले राउंड में पांच में से तीन जजों ने 10-10 अंक दिए, जबकि दूसरे राउंड में उन्हें चार जजों से पूरे अंक मिले। इस राउंड में न्यूजीलैंड की मुक्केबाज हेंडरसन को वॉर्निंग के चलते एक अंक गंवाना पड़ा। तीसरे राउंड में तीन जजों ने अरुंधति के पक्ष में अपना फैसला दिया।

कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग फॉर्मेट के तहत सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है। इस जीत के साथ अरुंधति चौधरी ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है और अब उनका लक्ष्य फाइनल में पहुंचकर भारत के लिए गोल्ड मेडल की दौड़ को आगे बढ़ाना होगा।

अरुंधति चौधरी ऐसी पांचवीं भारतीय हैं, जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। उनसे पहले प्रीति, प्रिया, जादुमनी सिंह और साक्षी ने भी अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में अंतिम चार में जगह बनाई है।

प्रिया ने महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को प्वाइंट्स के आधार पर 4-1 से मात देकर अगले दौर में जगह बनाई, जबकि प्रीति ने महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के मुकाबले में नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद मंगलवार देर रात जादुमनी सिंह ने पुरुषों के 55 किग्रा क्वार्टरफाइनल मुकाबले में म्वाले म्वेंगो को 5-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

बुधवार को अरुंधि से पहले, महिला 51 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में साक्षी ने नॉर्दन आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।