Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अहमदाबाद के बावला में 2.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज, घबराने की जरूरत...

अहमदाबाद के बावला में 2.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज, घबराने की जरूरत नहीं: डॉ. संतोष कुमार

0
4

अहमदाबाद, 30 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के अहमदाबाद जिले के निकट बावला क्षेत्र में गुरुवार तड़के रिक्टर स्केल पर 2.6 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। वैज्ञानिक डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि यह बेहद कम तीव्रता का भूकंप था, जिसे सामान्य लोगों द्वारा महसूस किए जाने की संभावना नहीं है। इसके झटके केवल संवेदनशील भूकंप-मापी उपकरणों में दर्ज हुए हैं और इससे किसी प्रकार के नुकसान की आशंका नहीं है।

डॉ. संतोष कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि आज सुबह लगभग 4:40 बजे रिक्टर स्केल पर 2.6 तीव्रता का भूकंप रिकॉर्ड किया गया। इसका केंद्र अहमदाबाद से लगभग 25 किलोमीटर दूर बावला क्षेत्र के पास स्थित था। यह एक आइसोलेटेड सिस्मिक इवेंट है और इसकी तीव्रता इतनी कम थी कि संभवतः आसपास के लोगों ने इसके झटके महसूस भी नहीं किए होंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इतनी कम तीव्रता के भूकंप आमतौर पर केवल वैज्ञानिक उपकरणों द्वारा ही दर्ज किए जाते हैं और इनसे किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की संभावना नहीं रहती।

भूकंप के कारणों पर डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि बावला क्षेत्र में इस प्रकार की सिस्मिक गतिविधि पहली बार दर्ज की गई है, लेकिन इसे असामान्य या चिंताजनक नहीं माना जाना चाहिए। अहमदाबाद के निकट से कैम्बे फॉल्ट गुजरता है, जो उत्तर गुजरात में राजस्थान की सीमा से शुरू होकर कैम्बे क्षेत्र तक तथा आगे आनंद और सूरत की दिशा में फैला हुआ है। यह भूकंप इसी कैम्बे फॉल्ट के आसपास आया है। ऐसे भूगर्भीय फॉल्ट क्षेत्रों में समय-समय पर हल्की भूकंपीय गतिविधियां होना स्वाभाविक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे किसी बड़े खतरे का संकेत नहीं माना जाना चाहिए।

डॉ. संतोष कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से घबराने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2.6 तीव्रता का यह भूकंप बेहद छोटा और अलग-थलग घटना है, जिससे किसी प्रकार के नुकसान की संभावना नहीं है। उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर यह भी नहीं लगता कि इस भूकंप को आम लोगों ने महसूस किया होगा, क्योंकि इसकी तीव्रता बहुत कम थी और यह केवल भूकंप रिकॉर्ड करने वाले उपकरणों में ही दर्ज हुआ है।