नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश क्रिकेट टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया जाने वाली है। सीरीज से पहले बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने कहा है कि उनकी टीम के तेज गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया को उसकी धरती पर कड़ी टक्कर देंगे। शांतो ने कहा कि हमारे गेंदबाज 20 विकेट लेने में सक्षम हैं।
शांतो ने कहा, “मुझे ऑस्ट्रेलिया जाने वाली टीम पर पूरा भरोसा है। हम अच्छा क्रिकेट खेल सकते हैं। इंजरी की वजह से बाहर हुए खिलाड़ियों के बारे में सोचने से कोई फायदा नहीं होने वाला। यह खेल का हिस्सा है। मुझे लगता है कि हमारे पास ऑस्ट्रेलियाई हालात में 20 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हमारे पास दो अनुभवी स्पिनर हैं जो तेज गेंदबाजों का साथ दे सकते हैं। हमारा तेज गेंदबाजी आक्रमण भी सक्षम है।”
बांग्लादेश की टीम 23 साल बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जा रही है। इस पर शांतो ने कहा, हम लकी हैं कि वहां जा रहे हैं। हम वहां अच्छा क्रिकेट खेलकर सम्मान कमाने की कोशिश करेंगे। हमें उम्मीद है कि हम वहां और टेस्ट खेल पाएंगे।
शांतो ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया हमारे खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए अपनी ताकतवर टीम उतारी है। यह इस बात का संकेत है कि वह हमें हल्के में नहीं ले रहे।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इस सीरीज में हमारे बल्लेबाजों के पास अच्छी गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का शानदार मौका है। बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी अटैक का सामना करने के लिए काफी उत्साहित हैं। हमें ऐसा गेंदबाजी आक्रमण सिर्फ टीवी पर ही देखने को मिलता है, इसलिए मैं उनका सामना करने के लिए सच में उत्साहित हूं।”
टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाजों के बारे में शांतो ने कहा, “मुझे लगता है कि हम अपने ओपनर्स के बारे में बहुत बात करते हैं क्योंकि उनके प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रही है। हमें यह समझना होगा कि यह बल्लेबाजी के लिए एक मुश्किल पोजीशन है। यह हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। ज्यादा नमी वाले हालातों में खेलना पड़ता है। कभी-कभी उन्हें दिन के आखिरी पांच ओवर बल्लेबाजी करनी पड़ती है। ऐसे हालातों का आंनद लेना जरूरी है। अगर हम इस एरिया में सुधार करते हैं, तो एक टेस्ट टीम के तौर पर एक कदम आगे बढ़ सकते हैं।”
बांग्लादेश की टीम शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगी। ऑस्ट्रेलिया-बांग्लादेश का पहला टेस्ट 13 अगस्त से डार्विन में और दूसरा टेस्ट 22 अगस्त से मकाय में खेला जाएगा। दोनों टेस्ट से पहले बांग्लादेश की टीम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ एक तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच भी खेलेगी।

