Friday, July 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पीएम मोदी और पीयूष गोयल के मॉर्फ्ड वीडियो मामले में महाराष्ट्र साइबर...

पीएम मोदी और पीयूष गोयल के मॉर्फ्ड वीडियो मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

0
6

मुंबई, 31 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के मॉर्फ्ड वीडियो मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह शिकायत भाजपा के एक सोशल मीडिया पदाधिकारी ने दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कई सोशल मीडिया अकाउंट्स से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का मॉर्फ्ड किया हुआ या एआई से बना वीडियो प्रसारित किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाई गई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि ‘महाराष्ट्र धर्म’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया था। उसके कैप्शन में दावा किया गया था कि पीयूष गोयल ने कॉकरोच (प्रदर्शनकारियों) को ‘सार्वजनिक रूप से फांसी’ देने की बात कही है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वीडियो में पीयूष गोयल आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिख रहे थे। बाद में उन्होंने उस क्लिप की तुलना एक एजेंसी की ओर से पोस्ट किए गए असली वीडियो से की और निष्कर्ष निकाला कि प्रसारित वीडियो को डिजिटल रूप से छेड़छाड़ कर या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया था।

इसके अलावा, शिकायत में कई अन्य सोशल मीडिया पोस्ट्स को भी फ्लैग किया गया है। इनमें पीएम नरेंद्र मोदी की एक मॉर्फ की हुई तस्वीर, इंस्टाग्राम पर प्रसारित एक आपत्तिजनक वीडियो और पीएम के खिलाफ गाली-गलौज वाला एक अन्य वीडियो शामिल है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इन पोस्ट्स को झूठी जानकारी फैलाने, जनता में असंतोष पैदा करने और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों का अपमान करने के इरादे से प्रसारित किया जा रहा है।

शिकायत के आधार पर नोडल साइबर पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(2), 336, 352, 353(1), 353(2), 356(1), 356(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी), 67 के तहत एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस अब उन सोशल मीडिया अकाउंट्स को चलाने वालों की तलाश कर रही है, जिन्होंने इन पोस्ट्स को शेयर किया था।