Tuesday, August 4, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बिहार : मोतिहारी में मंदिर से चोरी गई अष्टधातु की मूर्ति बरामद,...

बिहार : मोतिहारी में मंदिर से चोरी गई अष्टधातु की मूर्ति बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

0
4

मोतिहारी, 4 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के लखौरा थाना क्षेत्र स्थित राम जानकी मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की मूर्तियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिले के सभी थानों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सूचना मिली कि लखौरा मिडिल स्कूल के समीप स्थित राम जानकी मंदिर से अज्ञात चोरों ने भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की अष्टधातु की कीमती मूर्तियां चोरी कर ली हैं। सूचना मिलते ही लखौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमोद कुमार साह, निवासी लखौरा बरवा, थाना लखौरा, जिला पूर्वी चंपारण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मंदिर से चोरी की गई अष्टधातु की मूर्तियां और मुकुट बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने सभी मूर्तियों को जमीन में गड्ढा खोदकर छिपा रखा था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि जिले में हाल के दिनों में मंदिरों में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले केसरिया थाना क्षेत्र के एक मंदिर से दानपेटी और उसमें रखी नकदी चोरी हुई थी। उस मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर दानपेटी और चोरी गई राशि बरामद कर ली थी।

उन्होंने बताया कि लखौरा की घटना में भी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चोरी गई अष्टधातु की मूर्तियां बरामद कर ली हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में एक-दो अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसपी ने बताया कि दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए लापरवाही बरतने वाले संबंधित गश्ती दल और चौकीदारों को निलंबित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों के मंदिर प्रशासन के साथ बैठक कर सीसीटीवी कैमरे लगवाना सुनिश्चित करें। साथ ही रात के समय प्रहरी की व्यवस्था भी की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस मंदिरों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएम