पटना, 4 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने पुलिस अवर निरीक्षक (सामान्य बंद संवर्ग) के कुल 150 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
बीपीएसएससी की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार बीपीएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन या इससे सक्षम डिग्री होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु पुरुष के लिए 37 वर्ष और महिलाओं के लिए 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित प्रतियोगिता परीक्षा (प्रारंभिक), लिखित प्रतियोगिता परीक्षा (मुख्य), शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी), चिकित्सीय जांच और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतनमान स्तर -6 के तहत प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 100 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सफलपापूर्वक आवेदन शुल्क के भुगतान के बाद ही आपके आवेदन पत्र को स्वीकार किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए बीपीएसएससी की ओर से संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

