Thursday, August 6, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंड: चतरा में दुष्‍कर्म के आरोपी को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला,...

झारखंड: चतरा में दुष्‍कर्म के आरोपी को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला, बचाने आए पिता को भी पीटा

0
4

चतरा, 4 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले में दुष्कर्म के एक आरोपी युवक की ग्रामीणों की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव की है। आरोपी के पिता के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

आरोप है कि गांव की एक नाबालिग लड़की सोमवार की शाम घर से बाहर गई थी। इसी दौरान मोहम्मद इमरोज ने उसका अपहरण कर दुष्कर्म किया। मंगलवार को लड़की बदहवास हालत में घर लौटी और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी के घर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने इमरोज को घर से बाहर निकालकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता के साथ भी मारपीट की गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, उन्हें कुछ देर तक खंभे से बांधकर रखा गया और उनकी भी पिटाई की गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद घायल इमरोज को भीड़ से छुड़ाकर टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद बड़गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भीड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुष्कर्म के आरोप की भी अलग से जांच की जा रही है।