औरंगाबाद, 12 अगस्त (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस द्वारा सुंदरकांड पाठ और हवन करने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच जदयू के विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि आखिरकार कांग्रेस को भी सनातन की शक्ति का एहसास हो गया है।
दरअसल, औरंगाबाद जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष आनंद शंकर सिंह के आवासीय परिसर स्थित कांग्रेस कार्यालय में सुंदरकांड पाठ और हवन का आयोजन किया गया था। कांग्रेस ने यह हवन राम मंदिर से जुड़ी चोरी की घटना में कथित रूप से शामिल भाजपा, आरएसएस और विहिप के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सद्बुद्धि के लिए आयोजित था।
इस पर विधायक प्रमोद सिंह ने तंज कसते हुए कहा, “उनको तो पहले सद्बुद्धि जागनी चाहिए थी। जो सब दिन सनातन को गाली दिए, हमारे प्रभु रामचंद्र को गाली दिए। आज जब वह सुंदरकांड का पाठ कर रहे हैं तो मैं स्वागत करता हूं कि सनातन का बढ़ावा दे रहे हैं।”
जेडीयू विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा, “उस समय कहां थे जब अयोध्या में प्रभु रामचंद्र का मंदिर स्थापित हो रहा था? उस समय उनके नेता राहुल गांधी ने वहां जाने से मना कर दिया। उनको न्योता भी मिला था तो उस समय तो गए नहीं। कांग्रेस को मंदिर से ज्यादा मस्जिद से प्रेम है।”
राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी के आरोपों पर भी प्रमोद सिंह ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि उनके शासन में गलत काम करने वालों को बख्शा नहीं जाता है।
प्रमोद सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न तो किसी निर्दोष को फंसाते हैं और न ही दोषी को बचाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून के मुताबिक कार्रवाई होती है और गलत काम करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाती है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं का व्यंग्यात्मक अंदाज में धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने लंबे समय तक सनातन की विचारधारा से दूरी बनाए रखी, वे अब सुंदरकांड का पाठ और हवन कर रहे हैं। यह अच्छी बात है कि कांग्रेस को भी सनातन परंपरा की ताकत का एहसास हुआ।

