Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय केन्या में भारतीय उच्चायुक्त ने बताया, ‘इस देश के लिए क्यों महत्वपूर्ण...

केन्या में भारतीय उच्चायुक्त ने बताया, ‘इस देश के लिए क्यों महत्वपूर्ण है भारत?’

0
8

नैरोबी, 13 अगस्त (आईएएनएस)। केन्या में भारत के उच्चायुक्त आदर्श स्वाइका ने केन्या स्कूल ऑफ गवर्नमेंट (केएसजी) में ‘ वाई इंडिया मैटर्स फॉर केन्या ’ विषय पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों और काउंटी सरकारों के 120 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। केएसजी के पुस्तकालय में उन्होंने इंडिया कॉर्नर का भी उद्घाटन किया और भारतीय इतिहास, अर्थव्यवस्था एवं तकनीक के विकास को रेखांकित करतीं किताबें भेंट की।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके व्याख्यान की प्रमुख बातों पर प्रकाश डाला गया। उच्चायुक्त ने भारत और केन्या के बीच ऐतिहासिक संबंधों और दोनों देशों की समान विकास आकांक्षाओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “दोनों देशों ने औपनिवेशिक शासन के खिलाफ संघर्ष का साझा इतिहास देखा है और आज दोनों ही समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”

स्वाइका ने कहा कि केन्या के साथ भारत का विकास सहयोग केन्या की प्राथमिकताओं और स्थानीय क्षमताओं के निर्माण पर आधारित है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाओं और आधुनिक समाधानों के जरिए अपनी विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) को भी रेखांकित किया और बताया कि कैसे डिजिटल तकनीक ने भारत को विकास के पारंपरिक मॉडलों को पीछे छोड़कर तेजी से आगे बढ़ने में मदद की है। उन्होंने कहा, ” भारत के किफायती और आधुनिक तकनीकी समाधान केन्या के लिए भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।”

उच्चायुक्त ने युवाओं के कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र युवाओं की क्षमताओं का विकास और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है।

उन्होंने भारत से केन्या में बढ़ते व्यापार और निवेश का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, भारतीय निवेश न केवल पूंजी ला रहा है, बल्कि केन्या में रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है।

इससे पहले स्वाइका ने केन्या स्कूल ऑफ गवर्नमेंट (केएसजी) के पुस्तकालय में इंडिया कॉर्नर का उद्घाटन किया। भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हाई कमीश्नर ने केन्या स्कूल ऑफ गवर्नमेंट की लाइब्रेरी में इंडिया कॉर्नर का उद्घाटन किया। जिसमें हाई कमीशन की तरफ से भारत के इतिहास, संस्कृति, अर्थव्यवस्था, विदेश नीति और विकास के सफर पर तोहफे में मिली बड़ी संख्या में किताबें रखी गईं।

केएसजी काउंसिल के अध्यक्ष जस्टिस (सेवानिवृत) चार्ल्स न्याचे, डायरेक्टर जनरल प्रो. नूरा मोहम्मद और केएसजी के वरिष्ठ अधिकारी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर, हाई कमिश्नर ने केएसजी कैंपस में एक थिका पाम का पौधा भी लगाया।

उच्चायोग के मुताबिक इंडिया कॉर्नर, केन्या के लोक सेवकों और विद्वानों को न सिर्फ भारत के बारे में बताएगा बल्कि दोनों देशों की बढ़ती साझेदारी को लेकर जो भी जरूरी संसाधन हैं उन्हें जुटाने में मदद करेगा।