Saturday, August 22, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth जेकेपीएससी भर्ती 2026 : असिस्टेंट प्रोफेसर समेत कई पदों पर नौकरी का...

जेकेपीएससी भर्ती 2026 : असिस्टेंट प्रोफेसर समेत कई पदों पर नौकरी का मौका, जल्द करें आवेदन

0
4

श्रीनगर, 21 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ-साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह अच्छा मौका है। दरअसल, जम्मू और कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) ने जम्मू-कश्मीर के उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर/लाइब्रेरियन (जीसीईटी) के पदों (बैकलॉग रिक्तियों) को भरने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

जेकेपीएससी की ओर से जारी रिक्तियों में असिस्टेंट प्रोफेसर बायो-मेडिकल इंजीनियरिंग के 2, असिस्टेंट प्रोफेसर इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स के 2, असिस्टेंट प्रोफेसर इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग का 1 और लाइब्रेरियन का 1 पद शामिल है।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार जेकेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए फॉर्म में त्रुटि सुधार करने का विंडो एक सितंबर से 3 सितंबर के बीच सक्रिय रहेगा।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से असिस्टेंट प्रोफेसर पोस्ट के लिए संबंधित ब्रांच में बीई/बीटेक और मास्टर डिग्री होनी चाहिए, जिसमें बीई/बीटेक या मास्टर डिग्री में से किसी एक में फर्स्ट क्लास या उसके बराबर की योग्यता हो। वहीं, लाइब्रेरियन पद के लिए उम्मीदवार का अच्छे एकेडमिक रिकॉर्ड के साथ यूजीसी, सीएसआईआर/एआईयू द्वारा आयोजित नेट/स्लेट/सेट परीक्षा पास होना जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्ल को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदकों की जांच, लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 15,600 से 39,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को 6,000 रुपए एकेडमिक ग्रेड पे (एजीपी) के तौर पर दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य श्रेणी के लिए 1,200 रुपए और आरक्षित श्रेणियों के लिए 700 रुपए तय है। वहीं, पीएचसी उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।