श्रीनगर, 21 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के नीट टॉपर्स को सम्मानित किया और एक सरकारी स्कूल का ई-उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा में उत्कृष्टता, सरकारी संस्थानों के बुनियादी ढांचे के विकास और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर तैयार किए गए बाग का भी उल्लेख किया और इसे पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन से जोड़ने की संभावनाओं पर बात की।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि फ्लोरीकल्चर विभाग की यह पहल लोगों को यह संदेश देने की कोशिश है कि सही सोच और रचनात्मकता के साथ पुरानी चीजों का दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाग में ऐसी कई चीजें सजावट के लिए इस्तेमाल की गई हैं, जिनके बारे में आमतौर पर कोई सोच भी नहीं सकता कि वे किसी गार्डन का हिस्सा बन सकती हैं। बाग में पुराने ट्रैक्टर, स्कूटर, जीप, एम्बेसडर कार और यहां तक कि पुराने फ्रिज का इस्तेमाल पौधे लगाने और सजावट के लिए किया गया है। किसी चीज को फेंकने से पहले यह सोचना चाहिए कि क्या उसका दोबारा इस्तेमाल या रीसाइक्लिंग संभव है। उन्होंने बढ़ते सॉलिड वेस्ट और प्लास्टिक कचरे की समस्या का जिक्र करते हुए लोगों से प्लास्टिक बैग के पुन: उपयोग की अपील की।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को पता है कि उसे बाजार से सामान खरीदना है, तो वह घर से पहले इस्तेमाल किया हुआ बैग लेकर जा सकता है। इससे हर बार दुकान से नया प्लास्टिक बैग लेने और बाद में उसे कचरे में फेंकने की जरूरत कम होगी।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के नए गार्डन पर्यटन के आकर्षण को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने क्रिसैंथिमम गार्डन का जिक्र करते हुए कहा कि उसे पिछले साल केवल एक सीजन मिला था और इस वर्ष उसका दूसरा सीजन होगा। पिछले अनुभवों से सीख लेकर गार्डन में और सुधार किया जाएगा। उन्होंने श्रीनगर के ट्यूलिप गार्डन का उदाहरण देते हुए कहा कि यह गार्डन शुरुआत में काफी छोटा था, लेकिन समय के साथ इसमें नए स्तर, फव्वारे और वाटर चैनल जैसी सुविधाएं जोड़ी गईं और आज यह बड़ा पर्यटन आकर्षण बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह क्रिसैंथिमम गार्डन और ‘वेस्ट टू वंडर’ गार्डन को भी चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा सकता है। उन्होंने फ्लोरीकल्चर विभाग के अधिकारियों को चंडीगढ़ जाकर वहां बनाए गए वेस्ट-आधारित गार्डन का अध्ययन करने की सलाह दी। उनका मानना है कि उसकी कुछ विशेषताओं को जम्मू-कश्मीर में विकसित किया जाए तो यह पर्यटन के लिए बड़ा आकर्षण बन सकता है।
राहुल गांधी द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछे जाने पर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यदि विपक्ष का नेता विपक्षी भूमिका नहीं निभाएगा तो वह किस काम का है। उमर ने कहा कि विपक्ष के नेता का काम सरकार से जवाब मांगना और उसे जवाबदेह बनाना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वही कर रहे हैं, जिसकी उनसे देश उम्मीद करता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अलग-अलग विपक्षी नेताओं के साथ अलग-अलग नजरिए से व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। जब जम्मू-कश्मीर के विपक्षी नेता सरकार का विरोध करते हैं तो उनसे यह नहीं पूछा जाता कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर बार-बार सवाल किए जाते हैं। उमर ने कहा कि राहुल गांधी को विपक्ष की भूमिका इसी तरह निभाते रहना चाहिए।

