SGSU Advertisement
Home खेल भारत बनाम अफगानिस्तान: टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 11वीं बार, बतौर ओपनर ‘शून्य’...

भारत बनाम अफगानिस्तान: टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 11वीं बार, बतौर ओपनर ‘शून्य’ पर आउट हुए गुरबाज

0
6

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज रविवार को भारत के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में जारी टी20 सीरीज के पहले मैच में बगैर खाता खोले आउट हुए। इसी के साथ गुरबाज इस फॉर्मेट में बतौर ओपनर (फुल मेंबर नेशन) सबसे ज्यादा बार ‘शून्य’ पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

गुरबाज मुकाबले की दूसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने, जिनका कैच अभिषेक शर्मा ने लपका। यह बतौर ओपनर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रहमानुल्लाह गुरबाज का 11वां शून्य था। इस अनचाही फेहरिस्त में पॉल स्टर्लिंग (14) शीर्ष पर हैं, जबकि रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक (10) संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। तिलकरत्ने दिलशान और सौम्य सरकार (9) चौथे और पाथुम निसांका (8) पांचवें पायदान पर हैं।

मुकाबले में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इस मुकाबले में 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं दिया गया है।

अय्यर की कप्तानी में भारत ने आयरलैंड दौरे पर 0-2 से टी20 सीरीज गंवाई थी। इसके बाद इंग्लैंड की सरजमीं पर 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, टीम ने जिम्बाब्वे दौरे पर 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। अय्यर कप्तान के तौर पर पहली बार भारतीय सरजमीं पर टी20 सीरीज खेल रहे हैं, जिसमें उनके पास ‘क्लीन स्वीप’ का शानदार मौका है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती के साथ इस मैच में उतरी है।

वहीं, अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन में इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद और फजलहक फारूकी शामिल हैं।

भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज के शेष मुकाबले 15 और 17 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेले जाने हैं।