नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। सीबीआई ने मंगलवार को बोकारो जिले में दक्षिण-पूर्वी रेलवे के आद्रा डिवीजन के भोजूडीह में तैनात मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने उक्त आरोपी के खिलाफ शिकायत के आधार पर 15 सितंबर 2026 को मामला दर्ज किया था। आरोप है कि आरोपी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने चिकित्सा अवकाश स्वीकृत कराने के बदले शिकायतकर्ता से 25,000 रुपए का अनुचित लाभ मांगा था।
सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए का अनुचित लाभ लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
आरोपी लोक सेवक के कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी ली गई। आरोपी को धनबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। जांच जारी है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार-विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने जम्मू-कश्मीर महिला विकास निगम के दो अधिकारियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया।
एसीबी के एक बयान में कहा गया कि उसने निगम के दो फील्ड अधिकारियों को रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में रंगे हाथों पकड़ा और गिरफ्तार किया।
बयान में कहा गया है कि एसीबी को एक लिखित शिकायत मिली थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि फील्ड सुपरवाइजर ओवैस अहमद खान ने महिला उद्यमिता मंच (डब्ल्यूईपी) योजना के तहत स्वीकृत 3 लाख रुपए के ऋण की राशि जारी करने/वितरण में सुविधा प्रदान करने के बदले शिकायतकर्ता से अवैध रिश्वत की मांग की थी।
चूंकि शिकायतकर्ता रिश्वत देने को तैयार नहीं था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क किया और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने पर, आरोपों की जांच की गई और जांच में प्रथम दृष्टया अवैध रिश्वत की मांग साबित हुई।
