SGSU Advertisement
Home अपराध टोल प्लाजा पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपियों से तीन अवैध पिस्टल...

टोल प्लाजा पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपियों से तीन अवैध पिस्टल और 12 कारतूस बरामद

0
5

जालौन, 20 सितंबर (आईएएनएस)। यूपी के जालौन के एट थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध .32 बोर पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दो फॉर्च्यूनर वाहनों में सवार थे और टोल प्लाजा पर पुलिस की घेराबंदी के दौरान भागने का प्रयास कर रहे थे। तलाशी में हथियार, मोबाइल फोन और नकदी मिलने के बाद दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर की रात थाना एट पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की दो फॉर्च्यूनर गाड़ियां झांसी की ओर से आ रही हैं और उनमें अवैध हथियार हो सकते हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने एट टोल प्लाजा के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की।

पुलिस का कहना है कि दोनों वाहन टोल प्लाजा पर पहुंचे तो उनमें सवार लोगों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया गया। इस दौरान दो लोगों को पकड़ा गया, जबकि वाहनों में सवार कुछ अन्य लोग मौके से निकल गए। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशुतोष मिश्रा, निवासी डिप्टीखेड़ा, थाना पारा, लखनऊ और नितीश श्रीवास्तव उर्फ विक्की निवासी कृष्णापल्ली, थाना आलमबाग, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान आशुतोष मिश्रा के पास से तीन .32 बोर की पिस्टल बरामद हुईं। वहीं नितीश श्रीवास्तव के कब्जे से 12 कारतूस बरामद किए गए।

दोनों के पास से तीन मोबाइल फोन भी मिले। इसके अलावा आशुतोष से 3,620 रुपये और नितीश से 53,580 रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह कुल 57,200 रुपये नकद बरामद हुए हैं। एफआईआर के मुताबिक पुलिस ने दोनों फॉर्च्यूनर वाहनों के दस्तावेज भी मांगे। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहनों के संबंध में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। बरामद हथियारों और कारतूसों को कब्जे में लेकर सील किया गया है।

पूछताछ में पुलिस ने हथियारों के संबंध में आरोपियों के बयानों को भी दर्ज किया है। एफआईआर में दर्ज विवरण के अनुसार आशुतोष मिश्रा ने कथित तौर पर बताया कि उसके पास पहले से एक पिस्टल थी, जबकि दो अन्य पिस्टल नितीश ने उसे दी थीं। नितीश से पूछताछ में हथियारों के मध्य प्रदेश से किसी अज्ञात व्यक्ति के जरिए मंगाए जाने की बात दर्ज है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि जांच का विषय है।

पुलिस ने मामले में मु.अ.सं. 135/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक बृजेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत, उनसे जुड़े अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों की जांच कर रही है।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम