SGSU Advertisement
Home Student & Youth डीएसएसएसबी भर्ती 2026: सीनियर पर्सनल असिस्टेंट सहित 641 पदों पर 6 अक्टूबर...

डीएसएसएसबी भर्ती 2026: सीनियर पर्सनल असिस्टेंट सहित 641 पदों पर 6 अक्टूबर से करें आवेदन

0
7

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (डीएसएसएसबी) ने विभिन्न विभागों में सीनियर पर्सनल असिस्टेंट सहित विभिन्न 641 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

डीएसएसएसबी की ओर से जारी 641 रिक्तियों में सीनियर पर्सनल असिस्टेंट (जिला और सेशन कोर्ट) के 27, पर्सनल असिस्टेंट (जिला और सेशन कोर्ट) के 189, पर्सनल असिस्टेंट (जिला और सेशन कोर्ट-फैमिली कोर्ट) के 17, जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट (जिला और सेशन कोर्ट) के 151, जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट (जिला और सेशन कोर्ट-फैमिली कोर्ट) के 23, प्रोसेस सर्वर (जिला और सेशन कोर्ट) के 91, प्रोसेस सर्वर (जिला और सेशन कोर्ट-फैमिली कोर्ट) का 1, प्यून/ऑर्डरली/डाक प्यून (जिला और सेशन कोर्ट) के 139 और प्यून/ऑर्डरली/डाक प्यून (जिला और सेशन कोर्ट-फैमिली कोर्ट) के 3 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 अक्टूबर के दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार डीएसएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि की रात 11 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सीनियर पर्सनल असिस्टेंट, पर्सनल असिस्टेंट और जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट पदों के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ शॉर्टहैंड स्पीड 110 शब्द प्रति मिनट और टाइपिंग स्पीड 40 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए। वहीं, प्रोसेस सर्वर और प्यून/ऑर्डरली/डाक प्यून पोस्ट के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिकुलेशन या उसके बराबर/हायर सेकेंडरी परीक्षा पास होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, प्रोसेस सर्वर के लिए वैलिड हल्का मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस और 2 वर्ष का बिना किसी दुर्घटना/उल्लंघन वाला ड्राइविंग अनुभव जरूरी है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जून 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, एमसीक्यू आधारित परीक्षा, वर्णनात्मक परीक्षा, स्किल टेस्ट और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 5,200 से 34,800 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को ग्रेड-पे 2,000 से 4,800 रुपए के बीच प्रति माह दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी (बेंचमार्क विकलांगता वाले व्यक्ति) और पूर्व-सैनिक श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क का भुगतान करने से छूट दी गई है।