लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी और जयवीर सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की ओर से राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन पर पलटवार किया। मंत्रियों ने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि उनके लिए पीडीए का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सपा और उसके मुखिया का घमंड 2027 के विधानसभा चुनाव में ध्वस्त करेगी।
आईएएनएस से बातचीत में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में कितना फर्क है और कितना कपट और फरेब समाजवादी पार्टी के मन में छुपा है, यह जगजाहिर हो गया है। पीडीए-पीडीए का नारा देने वाली समाजवादी पार्टी, जो लगातार पीडीए के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती थी, जब पीडीए को हक देने की बात आई, तब उन्हें अपने परिवार की याद आ गई। पीडीए का फुल फॉर्म जनता ने सही बताया है-परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी।
उन्होंने कहा कि जब राज्यसभा भेजने की बात आई, तो सबसे पहले अखिलेश यादव ने अपने चाचा को भेजा और अल्पसंख्यक समाज की उन्हें याद नहीं आई। परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी चलाने वाली समाजवादी पार्टी ने हमेशा उत्तर प्रदेश के साथ धोखा किया है। समाजवादी पार्टी की पूरी राजनीति केवल जनता को गुमराह करने और नफरत फैलाने पर टिकी हुई है। 2027 में जनता सपा को जवाब देगी। सपा का घमंड प्रदेश की जनता ध्वस्त करेगी।
उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार द्वारा फ्लाईदुबई की उड़ान में सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने पर कहा कि हमारे देश के सपूत कैप्टन स्मित ने जिस तरह अंतरराष्ट्रीय पटल पर वीरता और साहस का अदम्य परिचय दिखाते हुए पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया है, निश्चित तौर पर पूरे देश को उन पर गर्व है। पूरा देश उन्हें बधाई देता है और पूरे देश को गर्व है कि हमारे देश में स्मित भाई जैसा एक लाल पैदा हुआ, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने साहस और बहादुरी से भारत देश का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उनके परिवार से बात की है और जब हमारे कैप्टन स्मित साहब भारत देश आएंगे, तो भारत देश उनका ग्रैंड वेलकम करेगा।
मंत्री जयवीर सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि मुझे लगता है कि भाजपा बहुत मजबूत स्थिति में है। भारतीय जनता पार्टी को मौजूदा जरूरत से ज्यादा वोट मिलेंगे। हमारे पास वोटों की कोई कमी नहीं है। हमारे सभी उम्मीदवार जीतेंगे और चुनाव के नतीजे साबित कर देंगे कि अखिलेश के खोखले दावे और बेबुनियाद बातें हवा-हवाई ही रहेंगी। इनसे उन्हें कोई फायदा नहीं होगा और ये उनके लिए सिर्फ नुकसानदेह ही साबित होंगी।
उन्होंने राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन पर तंज कसते हुए कहा कि पी से परिवार के सदस्य को उम्मीदवार, डी से धनवान शख्स को उम्मीदवार, आगे ए से किसी अपराधी को टिकट देकर वे पीडीए के फॉर्मूले को परिभाषित कर देंगे।
योग गुरु बाबा रामदेव के बयान पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह एक सनातनी देश था। सनातनी संस्कृति, सनातनी मूल्य और सनातनी आदर्श ही वे चीजें थीं, जिन्होंने भारत को वैश्विक नेता बनाया। यही अखंड भारत का मूल इतिहास है। मेरा मानना है कि जो भी आक्रमणकारी आए, मुस्लिम आक्रमणकारियों ने दबाव डालकर और जबरदस्ती यहां के स्थानीय हिंदुओं का धर्म परिवर्तन कराया। आज हमारे देश में ज्यादातर मुसलमान उन्हीं धर्म-परिवर्तित लोगों की संतानें हैं।
शाहजहांपुर की घटना पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जो भी घटना हुई है, उसकी पूरी जांच की जा रही है। जांच होगी और जो भी दोषी होगा, उसे जरूर ढूंढा और पहचाना जाएगा। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार अपराध और अपराधियों से निपटने और उन्हें सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ती और न ही कोई लापरवाही या नरमी बरतती है।
