SGSU Advertisement
Home Student & Youth सुप्रीम कोर्ट में नौकरी का सुनहरा मौका: 250 जूनियर कोर्ट असिस्टेंट पदों...

सुप्रीम कोर्ट में नौकरी का सुनहरा मौका: 250 जूनियर कोर्ट असिस्टेंट पदों पर 7 अक्टूबर से करें आवेदन

0
7

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, भारत का सर्वोच्च न्यायालय (एससीआई) ने जूनियर कोर्ट असिस्टेंट (ग्रुप-बी नॉन-गजेटेड) के कुल 250 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

जूनियर कोर्ट असिस्टेंट के इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ कंप्यूटर चलाने का ज्ञान और कंप्यूटर पर 35 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, ऑब्जेक्टिव टाइप टेस्ट, कंप्यूटर पर इंग्लिश भाषा में टाइपिंग स्पीड टेस्ट, इंग्लिश भाषा में लिखित परीक्षा (डिस्क्रिप्टिव) और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की बेसिक सैलरी 35,400 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/अनारक्षित श्रेणी के लिए 1,500 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर)/भूतपूर्व सैनिक/दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए शुल्क 750 रुपए के साथ बैंक शुल्क तय किया गया है।