SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी ने चुनाव आयोग-भाजपा की मिलीभगत उजागर की, इसलिए परेशान हैं...

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग-भाजपा की मिलीभगत उजागर की, इसलिए परेशान हैं शिवराज : सुखदेव भगत

0
4

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी दल संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहा है।

नई दिल्ली में बुधवार को इंडिया ब्लॉक की बैठक में एसआईआर, ईवीएम और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को चर्चा हुई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी हो उनकी पार्टी के लोग ही गंभीरता से नहीं लेते हैं।

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मैं समझता हूं कि वह चिंतित हैं, क्योंकि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत को पकड़ लिया है। हम कह सकते हैं कि यह बेशर्मी की हद हो चुकी है। आयोग लगातार गलत काम कर रहा है और जब सवाल किए जाते हैं तो बचाव में आ जाते हैं। चुनाव आयोग ने जो कृत्य किए हैं, उससे संवैधानिक प्रक्रिया दूषित हुई है और वह सत्ताधारी पक्ष की ओर काम करता हुआ दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि जनता भी अपना गुस्सा जाहिर कर रही है। हमारी जिम्मेदारी बनती है कि संविधान को बचाएं और बैठक में वोट चोरी का मुद्दा भी रखा गया।

दूसरी ओर, इंडिया ब्लॉक की बैठक से सपा मुखिया अखिलेश यादव की दूरी बनाए जाने पर एनडीए नेताओं के सवाल पर समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा अपना कुनबा बचाए। इंडिया गठबंधन पूर्ण रूप से एकजुट है और अपने एजेंडे पर काम कर रहा है।

फ्लाईदुबई की फ्लाइट को बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे कई मौके आए हैं, जब भारत के लोगों ने अपनी हिम्मत दिखाई है। चाहे वे एयरफोर्स के जवान हों, हमारे पायलट हों या हमारे टेक्नोक्रेट, सभी ने समय-समय पर अपनी काबिलियत दिखाई है, जिसे पूरी दुनिया मानती है।

संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के एनआरसी वाले बयान पर उन्होंने कहा कि एनआरसी का काम पहले से ही चुनाव आयोग कर रहा है। चुनाव आयोग को लेकर लोगों के मन में संदेह पैदा हो रहे हैं कि आयोग कैसे काम कर रहा है और कैसे अपने ही नियमों में बदलाव करके वह खुद ही सवालों के घेरे में आ रहा है।

योग गुरु बाबा रामदेव के बयान पर उन्होंने कहा कि क्या आजकल बाबा रामदेव की दवाइयां कम बिक रही हैं? क्या इसीलिए बाबा राजनीति में हिंदू-मुस्लिम मुद्दों पर बात कर रहे हैं।