SGSU Advertisement
Home राजनीति नसीम सिद्दीकी ने एशियन गेम्स में भारत की जीत पर दी बधाई,...

नसीम सिद्दीकी ने एशियन गेम्स में भारत की जीत पर दी बधाई, यूसीसी और युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा

0
6

मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने एशियन गेम्स में भारत के गोल्ड मेडल जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने देश के युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई। इसके साथ ही, उन्होंने गुजरात में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंजूरी मिलने, दिल्ली में छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर, कथित वोट चोरी के विरोध और इंडिया गठबंधन के बीच समन्वय जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

एशियन गेम्स में भारत की जीत पर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि भारत की टीम ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीता है, जो खुशी की बात है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि देश के युवाओं में काफी प्रतिभा है और सरकार को उनकी प्रतिभा पहचानने के लिए प्रयास करना चाहिए। ग्रामीण इलाकों में भी ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें सामने लाने की जरूरत है। खेल के क्षेत्र में भारत आगे और बेहतर प्रदर्शन कर सकता है और आने वाले समय में गोल्ड मेडल की तालिका में भारत शीर्ष स्थानों पर पहुंच सकता है।

गुजरात में यूसीसी कानून को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने पर नसीम सिद्दीकी ने सरकार पर जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेती जैसे मुद्दों पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। देश के युवाओं की मांगों को सुना जाना चाहिए और सरकार को बेरोजगारी तथा महंगाई जैसे सवालों पर काम करना चाहिए। उन्होंने यूसीसी को लेकर कहा कि सरकार इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाली सरकार यूसीसी समेत ऐसे कानूनों को रद्द करेगी।

दिल्ली में छात्रों के खिलाफ एफआईआर को लेकर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि बड़ी संख्या में बच्चों पर मामले दर्ज किए गए हैं और कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। युवाओं की आवाज आगे बढ़ेगी और आने वाले समय में यही युवा देश में बदलाव की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार और आरएसएस पर भी राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि युवाओं के बीच सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे विरोध पर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसे राजनीतिक श्रेय लेने का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिजीत दिपके ने यह मुद्दा उठाया है और सभी राजनीतिक दलों को मिलकर इसका समर्थन करना चाहिए।

आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार के इंडिया गठबंधन और मुस्लिम नेताओं को लेकर दिए बयान पर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि इंद्रेश कुमार को मुस्लिमों के मुद्दों पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने उनके आरएसएस से जुड़े होने का हवाला देते हुए कहा कि मुस्लिम समुदाय से जुड़े विषयों पर बोलने के बजाय उन्हें अपने संगठन के काम पर ध्यान देना चाहिए।

इंडिया गठबंधन की बैठकों में समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी की गैर-मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि हर परिवार में भी सभी लोगों के बीच हर मुद्दे पर पूरी तरह सहमति नहीं होती। उन्होंने कहा कि गठबंधन में अलग-अलग पार्टियां हैं, लेकिन उनके बीच तालमेल है। गठबंधन के घटक दलों के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन भाजपा को हटाने के मुद्दे पर सभी की सोच एक है। चुनाव का समय आने पर गठबंधन के बीच तालमेल स्पष्ट दिखाई देगा।