SGSU Advertisement
Home अपराध उत्तर प्रदेश: आजमगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बकरी चोर गिरोह के...

उत्तर प्रदेश: आजमगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बकरी चोर गिरोह के एक सदस्य को किया गिरफ्तार, एक अन्य फरार

0
5

आजमगढ़, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जनपद आजमगढ़ में पुलिस ने बकरी चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का कथित मुख्य सदस्य भागने में कामयाब रहा। मुठभेड़ में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस और दोपहिया वाहन के अलावा नकदी बरामद की है।

यह मुठभेड़ आजमगढ़ जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में की गई है, जो जीयनपुर थाना क्षेत्र के अशरफपुर का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर को शाहगढ़ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि बकरी चोरी गिरोह के दो सदस्य बाइक से आ रहे हैं। समेंदा-पूरा ठकुराई मार्ग स्थित लोहारी मोड़ पुलिया के पास पुलिस ने घेराबंदी की। बाइक रोकने पर पीछे बैठे आसिफ ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।

पूछताछ में आरोपी ने सिधारी क्षेत्र के दौलतपुर से 2 बकरी, समेंदा से 1 बकरी तथा जीयनपुर के बैरियाडिह से 3 बकरी चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने समेंदा से चोरी की गई बकरी बेचने से मिले उसके हिस्से के 1,560 रुपए भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का कथित मुख्य सदस्य कलीम पुत्र इस्लाम निवासी शाहपुर, थाना जीयनपुर मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आसिफ के खिलाफ 6 मुकदमे, जबकि फरार कलीम के खिलाफ 38 अभियोग दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी आसिफ के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।