SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नवरात्रि के चौथे दिन कालकाजी मंदिर में उमड़ी भीड़, मां कूष्मांडा के...

नवरात्रि के चौथे दिन कालकाजी मंदिर में उमड़ी भीड़, मां कूष्मांडा के दर्शन को पहुंचे हजारों भक्त

0
6

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन दिल्ली के प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आज के दिन मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना की जाती है, जिसके लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिर के बाहर लगी रहीं।

इस अवसर पर कालकाजी पीठाधीश्वर महंत सुरेंद्रनाथ अवधूत ने आईएएनएस से बातचीत में मंदिर की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में भक्त लगातार मां के दर्शन के लिए आते हैं, और इस पावन अवसर पर भगवती की विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है।

महंत ने बताया, “नवरात्रि पर मध्यरात्रि में मां की आरती और पूजा की जाती है। इसके बाद भक्तों के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाते हैं। आज भी करीब दो बजे मां की आरती हुई और ढाई बजे के आसपास दर्शन के लिए पट खोल दिए गए। तब से लगातार भक्त मां के दर्शन कर रहे हैं।”

महंत सुरेंद्रनाथ अवधूत ने बताया कि इस बार नवरात्रि में भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए तीन अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं।

पहला मार्ग मां के पुराने स्थान की तरफ से, दूसरा कमल मंदिर की तरफ से रखा गया है जबकि तीसरा मार्ग वीआईपी पास धारकों के लिए आरक्षित किया गया है। इसके लिए अलग लाइन की व्यवस्था की गई है ताकि सभी भक्त आसानी से मां के दर्शन कर सकें।

मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। महंत ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर के अंदर ही एक अस्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है। यहां अतिरिक्त पुलिस बल के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात रहते हैं। इसके अलावा कई स्वयंसेवी संस्थाओं के वालंटियर्स भी भक्तों को सुचारू रूप से दर्शन कराने में सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस बार निकास के लिए भी दो द्वार बनाए गए हैं, ताकि भक्तों को बाहर निकलने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ का दबाव कम रहे।