चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस की एक विशेष खुफिया और एंटी-टेररिज्म शाखा काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करने में सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह जानकारी दी।
डीजीपी ने बताया कि इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 1 असॉल्ट राइफल (.30 बोर), 2 हैंड ग्रेनेड, 13 पिस्टल (जिनमें 4 ग्लॉक पिस्टल शामिल हैं) और 25 कारतूस बरामद किए गए हैं।
मामले से जुड़ी एफआईआर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर में दर्ज कर ली गई है। तस्करी के इस नेटवर्क का पता लगाने, इसके पीछे और आगे के संपर्कों को खंगालने और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने, सीमा पार से हथियारों की तस्करी को रोकने और राज्य की शांति व सुरक्षा बनाए रखने के अपने संकल्प पर पूरी तरह अडिग है।
आरोपियों के खिलाफ पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का एक दूसरा मामला गुरुवार को ग्रेटर नोएडा से सामने आया, जहां सूरजपुर थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में सूरजपुर साइट-बी स्थित आईनोट्रॉनिक्स कंपनी में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पेटीएम ट्रांजेक्शन मशीनें, प्रिंटर, एयरटेल कंपनी के सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ बताई गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए छोटे लोडर वाहन को भी कब्जे में लिया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से तीन चाकू बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को थाना सूरजपुर पुलिस ने न्यू दादरी जंक्शन के पास सूरजपुर थाना क्षेत्र के जंगल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान बिलाल, सलमान और आदिल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दिल्ली नंबर के छोटे लोडर वाहन में रखा चोरी का सामान बरामद किया।
