SGSU Advertisement
Home राजनीति अमित शाह के 30 साल वाले बयान पर इमरान मसूद का तंज-...

अमित शाह के 30 साल वाले बयान पर इमरान मसूद का तंज- चुनाव आयोग बंधक है, नतीजे पहले से पता हैं

0
7

सहारनपुर, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने प्रदर्शनी से प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान की कलाकृति हटाने, अमित शाह के कांग्रेस और राहुल गांधी पर दिए बयान समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी।

अमित शाह के इस बयान पर कि 30 साल तक कांग्रेस और राहुल गांधी का नंबर नहीं आने वाला है, इमरान मसूद ने पलटवार किया। उन्होंने आईएएनएस से कहा, “जब उन्होंने पूरा चुनाव आयोग को बंधक बना लिया है, तो उन्हें पूरा चुनाव परिणाम पहले से ही पता चल रहा है ना।”

इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि जब उनके पास पूरा चुनाव आयोग बंधक है तो उन्हें पूरा नतीजा पहले ही पता चल रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री के इन भाषणों का कोई मतलब नहीं है। चुनाव आयोग से सब कुछ सेट है और जब सब सेट है तो कुछ करने की जरूरत ही नहीं है।

चल रहे एमएलसी चुनाव पर भी उन्होंने तंज कसा। कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा वाले तो जीत का दावा कर ही रहे हैं, क्योंकि उन्होंने चुनाव आयोग को पहले ही बंधक बना लिया है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की सपा नेता आजम खान से जेल में मुलाकात पर इमरान मसूद ने कहा, “आजम खान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और अपने नेता की रक्षा करना हर पार्टी की जिम्मेदारी है।”

यूपी चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन के सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि यह पार्टी के अंदर का मामला है। सारा नेतृत्व इस पर बात कर रहा है।

वहीं प्रदर्शनी से प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे की कलाकृति हटाने के विवाद पर इमरान मसूद ने कहा, “ये असल में डरे हुए लोग हैं। जब व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर पाबंदियां लगने लगे तो यह चिंता का विषय बन जाता है। आलोचना लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक है और विपक्ष की भूमिका आलोचना करना है। कलाकार कार्टून के जरिए अपने विचार व्यक्त करते हैं, जबकि फोटोग्राफर अपनी तस्वीरों के जरिए। जब लोग आलोचना से चिढ़ने लगें तो समझिए कि लोकतंत्र बिगड़ रहा है।”