SGSU Advertisement
Home राजनीति केरल लोक भवन के शाकाहारी किचन विवाद पर यासर जिलानी ने कांग्रेस...

केरल लोक भवन के शाकाहारी किचन विवाद पर यासर जिलानी ने कांग्रेस को घेरा, बताया तुष्टिकरण की राजनीति

0
6

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता यासर जिलानी ने केरल लोक भवन के शाकाहारी किचन विवाद, उमराह यात्रियों की भारत वापसी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एकता की अपील, संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को भारत के जवाब और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) को हटाने के नोटिस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर गैरजरूरी मुद्दों को उठाने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं, उमराह यात्रियों की वापसी के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू को बधाई दी।

केरल लोक भवन में शाकाहारी किचन को लेकर उठे विवाद पर यासर जिलानी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति शिकायत और आलोचना तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति शाकाहारी है और पूरी व्यवस्था शाकाहारी रखना चाहता है, तो कांग्रेस को इस मुद्दे के बजाय दूसरे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करनी चाहिए। केरल के लोक भवन में यह फैसला राज्यपाल ने अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत लिया है। उन्होंने कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस को अपने मुस्लिम वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति की चिंता है। ऐसे मुद्दों को राजनीतिक विवाद बनाने से कांग्रेस खुद सवालों के घेरे में आ जाती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने की अपील का समर्थन करते हुए जिलानी ने कहा कि प्रधानमंत्री की बात पूरी तरह सही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आंदोलन के नाम पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए जिलानी ने कहा कि विपक्ष युवाओं के कंधों का सहारा लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहता है। विपक्ष के पास पर्याप्त जनसमर्थन और मजबूत संगठन नहीं है, इसलिए वह समाज में ध्रुवीकरण करने की कोशिश करता है।

उन्होंने कहा कि समाज को ऐसी ताकतों से सतर्क रहना चाहिए और उनके इरादों पर सवाल उठाने चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया है, उसका जनता समर्थन करती है।

उमराह यात्रियों को भारत वापस लाने के संबंध में किरेन रिजिजू के बयान पर जिलानी ने केंद्र सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब के जेद्दा और खाड़ी क्षेत्र में हमलों और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के कारण बड़ी संख्या में भारतीय उमराह यात्री वहां फंस गए थे। सरकार ने यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए उचित व्यवस्था करने में मदद की। उपलब्ध उड़ानों के माध्यम से अब तक लगभग तीन हजार उमराह यात्री भारत लौट चुके हैं, जबकि वहां मौजूद अन्य यात्रियों पर भारतीय दूतावास नजर रख रहा है। सरकार स्थिति की निगरानी कर रही है और सभी यात्रियों को सुरक्षित भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिलानी ने इस पहल के लिए किरेन रिजिजू को बधाई देते हुए कहा कि संकट के समय नागरिकों की मदद करना सरकार की जिम्मेदारी है।

संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को भारत की ओर से दिए गए जवाब पर जिलानी ने कहा कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर धर्म आधारित मुद्दे उठाकर दुनिया की भावनाओं को प्रभावित करने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि जब भारत में आतंकवादी घुसपैठ और हमलों के कारण लोगों की जान जाती है तथा सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचता है, तब पाकिस्तान इन मुद्दों पर चर्चा से बचता है। भारत संयुक्त राष्ट्र में मजबूती से अपना पक्ष रख रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने पाकिस्तान की भूमिका को उजागर कर रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के नोटिस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की टिप्पणी के संबंध में जिलानी ने कहा कि यह पूरा मामला एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अंतर्गत आता है। लोकसभा अध्यक्ष ने इस विषय पर अपनी बात रखी है और अब संबंधित लोगों को प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई का इंतजार करना चाहिए। जो लोग इस मामले पर सरकार की ओर से प्रतिक्रिया नहीं आने को लेकर सवाल उठा रहे थे, उन्हें अब स्थिति स्पष्ट होने तक धैर्य रखना चाहिए।