SGSU Advertisement
Home राजनीति एमएलसी चुनाव में हुई डकैती, चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर कर...

एमएलसी चुनाव में हुई डकैती, चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर कर रहा काम: अवधेश प्रसाद

0
2

अयोध्या, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी की ओर से लगाए गए बूथ कैप्चरिंग और चुनावी धांधली के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद गोरखपुर-फैजाबाद सीट से सपा के उम्मीदवार जीतेंगे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे, कांग्रेस के साथ गठबंधन और जामिया में लगाए गए पोस्टर को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।

चुनाव में धांधली के आरोपों पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले हुए उपचुनावों के दौरान भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई थी। उन्होंने उस स्थिति को लूट के बजाय डकैती करार देते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भी इस मामले में सरकार के साथ मिला हुआ था। सपा सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को ज्ञापन देकर इन घटनाओं से अवगत कराया था, लेकिन आयोग की ओर से न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही मामले का संज्ञान लिया गया। इसी कारण पार्टी को चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ी टिप्पणी करनी पड़ी।

अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष, ईमानदार और निर्भीक तरीके से काम नहीं कर रहा है, बल्कि सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया। सपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि एमएलसी चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई और भाजपा के लोगों की ओर से झगड़े और टकराव की घटनाएं हुईं। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि अयोध्या से जुड़ी गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर सपा के उम्मीदवार तिवारी जी को जीत मिलेगी।

सपा सांसद ने देश की विदेश नीति को खराब बताते हुए कहा कि इसके परिणामस्वरूप ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो देश की स्वतंत्रता, आजादी और राष्ट्रीय सम्मान के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सभी देशवासियों का नैतिक कर्तव्य है कि वे एकजुट रहें। अवधेश प्रसाद ने इस बात पर जोर दिया कि जब देश के सामने कोई चुनौती आती है, तब पूरा देश एक साथ खड़ा रहता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि वह पिछले दिन बनारस से आए थे और एयरपोर्ट से निकलने के बाद उन्हें जगह-जगह प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों की जानकारी मिली थी। उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके आने से प्रदूषित नदियों की सफाई और घाटों को व्यवस्थित तथा सुसज्जित करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी उम्मीद के साथ वह प्रधानमंत्री का स्वागत करते हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से कथित तौर पर 200 सीटों की मांग किए जाने संबंधी सवाल पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के किसी अधिकृत नेता का ऐसा बयान उनके सामने नहीं आया है। सपा और कांग्रेस के गठबंधन में किसी तरह की दरार पड़ने की संभावना नहीं है। सीटों के बंटवारे को लेकर कोई समस्या पैदा नहीं होगी। उन्होंने संविधान में दिए गए अधिकारों की रक्षा को सरकार की जिम्मेदारी बताया।

जामिया में लगाए गए पोस्टर को लेकर सवाल पूछे जाने पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि पोस्टर किसने लगाया, उसमें क्या लिखा गया और उसके पीछे क्या तथ्य हैं, यह जांच का विषय है। उन्होंने बिना जांच के इस संबंध में कोई निष्कर्ष देने से परहेज किया।