मोतिहारी, 7 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शनिवार को एक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के चकिया-केसरिया मुख्य पथ पर भाग्यनगर नहर के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।
ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मृत छात्रा की पहचान कैथवलिया गांव निवासी बिगन राम की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। उसकी उम्र 16 वर्ष बताई गई है।
परिजनों के अनुसार, काजल शनिवार को भी रोजाना की तरह साइकिल से कोचिंग पढ़ने के लिए चैनपुर जा रही थी। इसी दौरान भाग्यनगर नहर के समीप पीछे से आ रहे झारखंड नंबर के एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
आसपास के गांवों के ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। छात्रा की मौत से नाराज लोगों ने चकिया-केसरिया मुख्य पथ पर आवागमन रोक दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की मांग थी कि मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए।
सड़क जाम होने से चकिया-केसरिया मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने हादसे में शामिल ट्रक को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया, लेकिन उसका चालक मौका पाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर कल्याणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएस
