इंदौर, 14 नवंबर (आईएएनएस)। वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को अपने छोटे से क्रिकेट करियर में एक बड़ी और खास उपलब्धि हासिल की। वे पुरुषों के टी20 इतिहास के सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए। उन्होंने होलकर स्टेडियम में 2026-27 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ मैच में बिहार की कप्तानी करते हुए ये उपलब्धि हासिल की।
वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल और 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी संभालते हुए सबसे कम उम्र में टी20 की कप्तानी करने के क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा। वुकुसिक ने 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी नेशनल टीम की कप्तानी की थी।
सूर्यवंशी अब सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे कम उम्र में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि, बतौर कप्तान अपना पहला मैच खेल रहे वैभव के लिए एक बल्लेबाज के रूप में यह मैच यादगार नहीं रहा। वह 12 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें चेतन सकारिया ने आउट किया।
हाल ही में अपना अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू करने वाले सूर्यवंशी को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार का कप्तान बनाया गया है। यह उनके करियर के लिए बेहद अहम समय है। बतौर बल्लेबाज अपनी क्षमता साबित कर चुके सूर्यवंशी के पास घरेलू क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित टी20 ट्रॉफी में अपनी कप्तानी क्षमता को दिखाने का मौका है।
भारत को अंडर-19 विश्व कप 2026 में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सूर्यवंशी ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ अपने टी20 करियर का आगाज किया था। वह 10 टी20 मैचों में 2 अर्धशतकों की मदद से 295 रन बना चुके हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में वह प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे थे।
वैभव इस टूर्नामेंट में सौराष्ट्र के बाद एक और मैच खेलेंगे। इसके बाद वह दोहा में होने वाले एसीसी राइजिंग स्टार्स इमर्जिंग टूर्नामेंट के लिए इंडिया ए में शामिल होंगे। यह कॉम्पिटिशन 19 नवंबर से शुरू होने वाला है, और 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला जाएगा।

