SGSU Advertisement
Home राजनीति एनसीपी के दोनों गुटों का विलय नहीं, सांसद सुप्रिया सुले ने अटकलों...

एनसीपी के दोनों गुटों का विलय नहीं, सांसद सुप्रिया सुले ने अटकलों को किया खारिज

0
2

मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को पार्टी के विलय की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि अजित पवार के समय एनसीपी के विलय पर बात हुई थी, लेकिन उनके जाने के बाद पार्टी विलय का मुद्दा खत्म हो चुका है।

एनसीपी-एसपी की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैं एक बार और हमेशा के लिए यह साफ कर देना चाहती हूं कि मेरे भाई (अजित पवार) से बातचीत चल रही थी। जब तक अजीत पवार थे, गठबंधन पर चर्चा चल रही थी और तारीख तय थी। जब भाई इस दुनिया से चले गए हैं, उसके बाद से हमारी तरफ से इस विषय पर पूर्णविराम लग गया है।”

सुप्रिया सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि अजित पवार गुट की तरफ से उन्हें किसी भी प्रकार का मैसेज या मेल पार्टी विलय के संबंध में नहीं आया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझे अजित पवार गुट की ओर से कोई कॉल, संदेश या व्हाट्सएप नहीं मिला है। प्रफुल्ल पटेल के साथ हमारे पारिवारिक संबंध हैं और हमारी मुलाकातें होती रहती हैं।”

उन्होंने इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम पर अपनी भूमिका स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है। राजनीति में इस तरह के कयास और चर्चाएं रोज होती रहती हैं। हमारा लोकतंत्र पर पूरा विश्वास है। लेकिन अब विलय को लेकर दोबारा कोई चर्चा नहीं होगी। अजित दादा (अजित पवार) के साथ विलय को लेकर पहले चर्चा जरूर हुई थी और इसकी तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन दादा के जाने के बाद विलय पर पूर्णविराम लग गया है।

सुप्रिया सुले ने एनडीए में भी शामिल होने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “एनडीए में भी जाने की कोई बातचीत नहीं है। हमने कई बार अरुण जेटली और सुषमा स्वराज की तारीफ की। पहलगाम के समय शरद पवार ने पहले सरकार का समर्थन किया। 2023 में जो हुआ वो हुआ (एनसीपी शरद पवार को छोड़कर अजीत पवार के साथ गए) लेकिन हम सभी के पारिवारिक संबंध तब भी थे और आज भी हैं।”