SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘झारखंड विकास पथ पर सतत गतिमान रहे’, स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्रियों...

‘झारखंड विकास पथ पर सतत गतिमान रहे’, स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

0
3

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही झारखंड में समृद्धि व खुशहाली की कामना की है।

केंद्रीय राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पोस्ट में कहा, “प्राकृतिक सौंदर्य, खनिज संपदा और गौरवशाली जनजातीय विरासत की पावन भूमि ‘झारखंड’ के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर यह राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करे।”

विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पोस्ट में कहा, “अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य से अलंकृत, विविध लोक-परंपराओं से समृद्ध, विपुल खनिज संपदा से पूरित, भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरा झारखंड के स्थापना दिवस की सभी झारखंड वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! झारखंड विकास पथ पर सतत गतिमान रहे एवं सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बढ़े, यही कामना है।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “वीरता, जीवटता और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की पावन धरा झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर सभी झारखंड वासियों को हार्दिक बधाई। ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा तथा वीरांगना फूलो-झानो जैसी महान विभूतियों के साहस, स्वाभिमान और बलिदान से गौरवान्वित यह प्रदेश निरंतर विकास, समृद्धि व खुशहाली की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करे, बाबा बैद्यनाथ से यही प्रार्थना है।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा, “भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती झारखंड के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया झारखंड जनजातीय अस्मिता, समृद्ध संस्कृति, वीरता और अपार प्राकृतिक संपदा की अनमोल धरोहर है। भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्प से जुड़ी यह धरती विकास, समृद्धि और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों को छुए, यही मंगलकामना है।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया, “झारखंड राज्य के स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर समस्त झारखंडवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! प्राकृतिक संपदा, समृद्ध जनजातीय विरासत और गौरवशाली संस्कृति से परिपूर्ण झारखंड निरंतर विकास एवं प्रगति के नए आयाम स्थापित करे तथा खुशहाली और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े, यही मंगलकामना है।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर पोस्ट किया, “जल, जंगल और जमीन के लिए आवाज़ उठाने वाले महान जननायक, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उनके अदम्य संघर्ष, जनआंदोलन की शक्ति और अद्वितीय नेतृत्व ने पूरे देश को आत्मसम्मान एवं अधिकारों की रक्षा का मार्ग दिखाया। उनकी त्यागपूर्ण जीवनगाथा आज भी प्रत्येक भारतीय को जनसेवा, न्याय और अपनी माटी के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस की भी समस्त झारखंडवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा, “असीम प्राकृतिक संपदा एवं अद्भुत सांस्कृतिक विरासत से सुसज्जित झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर समस्त निवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! ईश्वर से कामना है कि झारखंड विकास, समृद्धि और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करे तथा अपनी सांस्कृतिक पहचान और प्राकृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता रहे।”

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने एक्स पर पोस्ट किया, “झारखंड राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमारा प्रिय झारखंड विकास, समृद्धि और खुशहाली के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे तथा प्रगति की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करे।”