SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी महाराष्ट्र में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल, 3...

पीएम मोदी महाराष्ट्र में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल, 3 हजार करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

0
2

मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे।

इस कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य देश भर के आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, आजीविका के अवसर और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।

प्रधानमंत्री मोदी 173 पहलों का उद्घाटन करेंगे। इनमें आदिवासी छात्रों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईआरएमएस) और ‘प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान’ (पीएम-जनमन) के तहत 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। ये केंद्र आवश्यक सेवाएं प्रदान करने और सामुदायिक स्तर की विभिन्न गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने के लिए महत्वपूर्ण केंद्रों के रूप में काम करेंगे।

प्रधानमंत्री पीएम-जनमन और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ (डीएजेजीयूए) के तहत अन्य कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।

उद्घाटन की जाने वाली अन्य प्रमुख परियोजनाओं में अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में ‘ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट’ (टीआरआई) की इमारत और मिजोरम के आइजोल में ‘रोपुलियानी ट्राइबल फ्रीडम फाइटर म्यूजियम’ शामिल हैं। इनका उद्देश्य आदिवासी संस्कृति और विरासत को संरक्षित करना है।

यह संग्रहालय मिजो आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, वीरता और बलिदान की याद दिलाता है। साथ ही यह मिजो लोगों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और धरोहर को भी प्रदर्शित करता है।

इसका नाम 19वीं सदी की मिजो महिला प्रमुख रोपुइलियानी के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन का बहादुरी से विरोध किया था। उन्हें जनजातीय प्रतिरोध और बलिदान के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।

प्रधानमंत्री 19 नए ‘एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों’ की आधारशिला रखेंगे, जिससे जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। जनजातीय उत्पादकों की बाजार तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए 12 ‘जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों’ (टीएमएमसीएस) की भी आधारशिला रखेंगे।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ‘पीएम-जनमन’ और ‘डीएजेजीयूए’ के तहत 42 अन्य परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे।

यह कार्यक्रम ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के समापन का प्रतीक होगा, जो 1 से 15 नवंबर तक पूरे देश में मनाया जा रहा है।

इस पखवाड़े के दौरान राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें राष्ट्रपति का ईआरएमएस छात्रों के साथ संवाद, राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव, जनजातीय चिकित्सकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर, और ‘धरती आबा जनभागीदारी अभियान’ के तहत जनजातीय गांवों में सामुदायिक सेवा अभियान शामिल हैं।