कपूरथला, 16 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा सोमवार को कपूरथला जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। तड़के सुबह से ही बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पवित्र काली बेईं, कांजली वेटलैंड, शेखूपुर और दंदूपुर के निकट स्थित घाटों पर पहुंचे।
चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रतियों ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा की। सूर्योदय होते ही श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे तक चलने वाले निर्जला व्रत का समापन हुआ। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और संतान की लंबी आयु की कामना की।
छठ पूजा को लेकर कांजली मार्ग, शेखूपुर और दंदूपुर सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष घाट और पूजा वेदियां सजाई गई थीं। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार बांस की टोकरियों (दउरा) और सूप में ठेकुआ, गन्ना, मौसमी फल, मिठाइयां तथा अन्य पारंपरिक पकवान सजाकर छठी मैया को अर्पित किए। इस अवसर पर शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सूर्योदय से पहले ही घाटों पर पूजा-अर्चना और छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देने लगी।
घाटों पर महिलाओं और पुरुषों ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की। छठ के पारंपरिक गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। परिवार के सदस्यों ने भी व्रतियों के साथ घाटों पर पहुंचकर पूजा में भाग लिया और भगवान सूर्य से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
सुबह के समय घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के कारण काली बेईं पुल और कांजली रोड के आसपास कुछ समय के लिए यातायात का दबाव देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित किया और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी। पूरे जिले में छठ पूजा को लेकर उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
बता दें कि पंजाब में छठ महापर्व बहुत ही धूमधाम, श्रद्धा और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। राज्य के विभिन्न शहरों में पूर्वांचल और बिहार से आए प्रवासियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर इस उत्सव में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्यभर में छठ पूजा के लिए 104 से अधिक स्थान चिह्नित किए थे और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा व सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए गए थे।

