SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से दो की मौत, 20...

कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से दो की मौत, 20 से 25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

0
5

कानपुर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी गली धुएं के गुबार से भर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, अपार्टमेंट में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, राधिका अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत में धुआं फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।

हालांकि, अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और इमारत में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि आसपास का पूरा इलाका धुएं से घिर गया था। हादसे में अपार्टमेंट के अंदर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी में बेसमेंट में रह रहे दो लोगों की मौत की बात सामने आई थी।

उर्सला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) ने बताया कि आग की घटना के बाद चार मरीजों को अस्पताल लाया गया था। इनमें प्रांजल बाथम (16) और राखी (45) की मौत हो गई। वहीं, नीता और वैभव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एसीपी कोतवाली अमित पांडे ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के साथ ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।