धौलपुर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के धौलपुर जिले के बारोली गांव में पंचायत चुनाव के प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में 34 वर्षीय युवक पीतम की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए पुलिस ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने आईएएनएस को बताया कि यह घटना रविवार को बारोली गांव में हुई। वहां दो पक्षों के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते फायरिंग तक पहुंच गया। इस गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों को चोटें आईं।
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस झगड़े की मुख्य वजह पंचायत चुनाव की रंजिश है। दोनों पक्षों के परिवारों से कुछ लोग पंचायत चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बड़े विवाद में बदल गई। इसी बहसबाजी के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग की घटना हो गई।
एसपी ने कहा कि प्रचार के दौरान हुई कहासुनी ने ही इस बड़ी वारदात को जन्म दिया। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने बताया कि परिवादी पक्ष की ओर से मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही केस पंजीकृत कर लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पूरे तथ्यों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गांव में गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।

