SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जनगणना का डाटा रहता है गोपनीय, बेफिक्र होकर दें अपनी पूरी जानकारी...

जनगणना का डाटा रहता है गोपनीय, बेफिक्र होकर दें अपनी पूरी जानकारी : आईएएस शीतल वर्मा

0
2

लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी आईएएस शीतल वर्मा ने 1 दिसंबर से शुरू होने वाले घर-घर जनगणना अभियान के लिए अधिकारियों की तैनाती के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान दी जाने वाली जानकारी गोपनीय रहती है, इसलिए बेफिक्र होकर इस अभियान में हिस्सा लें।

शीतल वर्मा ने आईएएनएस को बताया कि 16 नवंबर से उत्तर प्रदेश में स्वगणना का चरण शुरू हो रहा है। 30 नवंबर तक आम लोग अपने परिजनों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज कर सकेंगे। यह एक वैकल्पिक सुविधा है। अगर जनता पूछे गए सवालों के जवाब पोर्टल पर अपलोड कर देगी तो समय बचेगा और प्रगणक को सुविधा होगी।

जनगणना अधिकारी ने बताया कि स्वगणना चरण के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से 40 सवालों के जवाब पूछेंगे। प्रगणक 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाएंगे। जिन्होंने स्वगणना नहीं किया होगा, उनके परिवार से 40 सवालों के जवाब पर डाटा एकत्रित करेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि प्रगणक का सहयोग करें और सही जानकारी दें और जनगणना अभियान को सफल बनाएं।

मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी ने कहा, “जनगणना का डाटा जब भी प्रकाशित होगा, उसमें निजी जानकारी नहीं होगी। जनगणना की धारा 15 में विश्वनीयता की बात कही गई है। जनगणना का डाटा किसी भी अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग नहीं किया जाता है, क्योंकि यह संभव नहीं है। प्रपत्र भरने के बाद प्रगणक के सिवाय कोई और नहीं देख सकता। जनगणना का डाटा पूरी तरह से गोपनीय है। इसलिए जनता बेफिक्र होकर अपनी जानकारी दे।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोक भवन सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वगणना एवं घर-घर जनगणना प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनगणना के सटीक आंकड़े प्रदेश के समग्र विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार करने का आधार बनेंगे। जनगणना में समाज का कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए क्योंकि आंकड़ों में छूटने वाला व्यक्ति कई बार सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित रह जाता है। सही और विश्वसनीय डाटा से ही यह तय किया जा सकेगा कि कहां स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है।