नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर होने वाली गठबंधन बैठक से पहले कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली में आयोजित बैठक को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बताया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चुनावी रणनीति और गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के मुद्दों पर चर्चा कर रहा है। वहीं, उन्होंने दलितों और अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर भी राजनीतिक दलों को घेरा। इस दौरान कांग्रेस नेता उदित राज ने आजम खान, भाजपा और जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने आगामी गठबंधन बैठक से पहले तैयारी बैठक बुलाई है। इसमें उन मुद्दों पर चर्चा की जा रही है, जिन्हें गठबंधन की बैठक में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व पार्टी नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देगा ताकि इंडी गठबंधन के सभी दल मिलकर मजबूती और बेहतर तालमेल के साथ चुनाव लड़ सकें।
उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत करने और दिसंबर में शुरू होने वाले चुनाव अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अभियान के दौरान गठित की जाने वाली विभिन्न समितियों के स्वरूप और जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं को जल्द ही अंतिम रूप देकर सार्वजनिक किया जाएगा।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आराधना मिश्रा ने सवाल उठाया कि राजनीतिक दलों को दलित और अल्पसंख्यक समुदायों की याद केवल चुनाव के समय ही क्यों आती है? उन्होंने कहा कि बाकी पांच वर्षों में इन वर्गों के मुद्दों पर राजनीतिक दल कहां रहते हैं।
उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि दलितों पर अत्याचार के मामलों में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। इसके बावजूद राजनीतिक दलों ने इन मुद्दों को गंभीरता से नहीं उठाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा के साथ चुनावी गठबंधन में शामिल दल इन समस्याओं पर खुलकर आवाज उठाएंगे।
भाजपा की संभावित 209 उम्मीदवारों की वायरल सूची को फर्जी बताए जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि पहली बार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने कम से कम एक मुद्दे पर एक साथ हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने भाजपा के अंदरूनी मतभेदों पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में चल रही आपसी लड़ाई विपक्ष के खिलाफ नहीं बल्कि नेताओं के बीच ही दिखाई दे रही है।
कांग्रेस नेता उदित राज ने आजम खान के मामले को लेकर कहा कि भाजपा के साथ नहीं होने के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मीडिया कवरेज को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मीडिया में किसे कितना समय मिलेगा, यह भाजपा तय करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा से जुड़े लोगों को अधिक प्रसारण समय दिया जा रहा है। उदित राज ने कहा कि इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का इशारा सही था।

