नोएडा, 16 नवंबर (आईएएनएस)। नोएडा में पिछले 20 दिनों से पानी की किल्लत का सामना कर रहे लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सोमवार से नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। हरिद्वार में गंग नहर की वार्षिक सफाई का काम पूरा होने के बाद नहर में पानी छोड़ दिया गया है। इसके बाद गंगाजल की आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, गंगाजल नोएडा तक पहुंचने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से शहर के विभिन्न सेक्टरों और आवासीय क्षेत्रों में पहुंचाया जाएगा। इससे पिछले कई दिनों से कम दबाव और सीमित समय तक पानी मिलने की समस्या से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, हर साल दशहरा और दिवाली के बीच हरिद्वार में गंग नहर की सफाई और रखरखाव का काम किया जाता है। इस दौरान नहर में पानी की आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिसके कारण नोएडा समेत गंगाजल पर निर्भर कई शहरों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है। इस बार भी सफाई कार्य के चलते करीब 20 दिनों तक नोएडा में गंगाजल की सप्लाई बंद रही।
नोएडा को गंगाजल गाजियाबाद स्थित प्लांट के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है। हरिद्वार से नहर में पानी छोड़े जाने के बाद इसे गाजियाबाद होते हुए नोएडा पहुंचने में सामान्य तौर पर दो से तीन दिन का समय लगता है। नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति शहर की पेयजल व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां प्रतिदिन करीब 137.5 क्यूसेक यानी 270 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) गंगाजल की आपूर्ति की जाती है। इस पानी को रेनीवेल और ट्यूबवेल से मिलने वाले पानी के साथ मिलाकर विभिन्न सेक्टरों और गांवों में सप्लाई किया जाता है।
गंगाजल की आपूर्ति बंद होने के दौरान नोएडा प्राधिकरण को वैकल्पिक जल स्रोतों के जरिए शहर की जरूरत पूरी करनी पड़ रही थी। हालांकि, पानी की मांग के मुकाबले उपलब्धता कम पड़ने के कारण कई इलाकों में आपूर्ति का दबाव प्रभावित हुआ। इसका सबसे ज्यादा असर उन क्षेत्रों में देखने को मिला, जहां ऊंची इमारतें और बहुमंजिला आवासीय परिसर हैं। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, गंगाजल की आपूर्ति बहाल होते ही इसे सीधे घरों तक नहीं पहुंचाया जाएगा। सबसे पहले पानी को अंडरग्राउंड रिजर्वायर (यूजीआर) में स्टोर किया जाएगा। वहां से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसे नियमित जलापूर्ति व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में पानी की सप्लाई को व्यवस्थित तरीके से बहाल किया जा सकेगा।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक आरपी सिंह के अनुसार, गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने से शहर में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी और लोगों को राहत मिलेगी। पिछले करीब 20 दिनों से गंगाजल की आपूर्ति बंद होने का असर शहर के कई सेक्टरों में साफ दिखाई दिया। लोगों की शिकायत थी कि सुबह और शाम के समय मिलाकर मुश्किल से एक से दो घंटे ही पानी मिल पा रहा था। वहीं, कम दबाव के कारण बहुमंजिला मकानों और अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच रहा था। कई परिवारों को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े।
सेक्टर-55 और सेक्टर-56 समेत कई इलाकों के निवासियों ने पानी की समस्या को लेकर नाराजगी जताई थी और विरोध भी दर्ज कराया था। अब गंगाजल की आपूर्ति दोबारा शुरू होने से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है। हालांकि, पानी पहले यूजीआर में स्टोर होने और फिर अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने के कारण सभी इलाकों में इसका लाभ एक साथ मिलने के बजाय चरणबद्ध तरीके से मिल सकता है। लोगों को उम्मीद है कि गंगाजल की नियमित आपूर्ति बहाल होने के बाद न केवल पानी की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि कम प्रेशर और सीमित समय तक पानी मिलने की समस्या भी खत्म होगी।
–आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

