नोएडा, 16 नवंबर (आईएएनएस)। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत नोएडा में 16 नवंबर 2026 से स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान का औपचारिक शुभारंभ हो गया। अभियान की शुरुआत नोएडा के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने स्वयं तथा अपने परिवार की जानकारी भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करके की।
इस दौरान उन्होंने शहर के सभी निवासियों से राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी तथा अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की। प्रशासन की ओर से स्वगणना के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में नोएडा के निवासी घर बैठे ही मोबाइल, कंप्यूटर या अन्य इंटरनेट सुविधा वाले उपकरणों के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इसके लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। स्वगणना के दौरान परिवार के सदस्यों और आवास से संबंधित आवश्यक जानकारियां ऑनलाइन भरनी होंगी। प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद पोर्टल की ओर से एक स्वगणना पहचान संख्या जारी की जाएगी। इस पहचान संख्या को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी होगा, क्योंकि दिसंबर में जब जनगणना कर्मी घर पहुंचेंगे तो उन्हें यह संख्या उपलब्ध करानी होगी।
चार्ज अधिकारी नोएडा इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि जनगणना के क्षेत्रीय कार्य को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नोएडा में कुल 2,350 प्रगणकों और 364 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। ये सभी कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान प्रगणक प्रत्येक आवास पर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे।
उन्होंने बताया कि स्वगणना की 16 से 30 नवंबर तक चलने वाली अवधि के दौरान भी जनगणना से जुड़े कर्मचारी अपने आवंटित क्षेत्रों और ब्लॉकों में भ्रमण करेंगे। इस दौरान वे लोगों को ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देंगे और अधिक से अधिक परिवारों को इसमें शामिल होने के लिए जागरूक करेंगे। इसके लिए नोएडा में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि नागरिकों को स्वगणना की सुविधा और इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया जा सके। जनगणना अभियान के तहत नोएडा में निवास करने वाले सभी लोगों को शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
चार्ज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में रहने वाला कोई भी व्यक्ति गणना से छूटने न पाए और किसी व्यक्ति या परिवार की जानकारी दो बार दर्ज न हो। विशेष रूप से नोएडा में किराये के मकानों और फ्लैटों में रहकर नौकरी, व्यवसाय या अन्य कार्य करने वाले लोगों की गणना भी नोएडा में ही की जाएगी। यानी शहर में अस्थायी रूप से रह रहे कामकाजी लोगों को भी जनगणना प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। जनगणना के दौरान नागरिकों की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता को लेकर भी कानूनी प्रावधान किए गए हैं।
चार्ज अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि जनगणना के दौरान एकत्र की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारियों को जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत गोपनीय रखा जाता है, इसलिए नागरिक बिना किसी संकोच के निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर अपनी एस ई आईडी सुरक्षित रखें। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी के बीच जब प्रगणक घर पहुंचें तो उन्हें आवश्यक जानकारी और स्वगणना पहचान संख्या उपलब्ध कराकर सहयोग करें।
अधिकारियों का कहना है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य की सफलता में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सही और पूर्ण आंकड़े जुटने से भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए बेहतर आधार तैयार करने में मदद मिलेगी।

