SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘देश को बांटने का काम आरएसएस-भाजपा कर रही है’, भागवत के बयान...

‘देश को बांटने का काम आरएसएस-भाजपा कर रही है’, भागवत के बयान पर भड़के हुसैन दलवई

0
3

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे के बयानों को लेकर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया। इसके अलावा, उन्होंने राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी, बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के विवाद, ठाकरे बंधुओं पर नितेश राणे के बयान और परिसीमन के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। वहीं, एनसीपी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले के परिसीमन संबंधी बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

मोहन भागवत ने कहा था कि दुनिया की कुछ ताकतें भारत को महान बनते नहीं देखना चाहतीं। उनका कहना था कि भारत आगे बढ़ रहा है, लेकिन छोटी-छोटी पहचानों के आधार पर समाज में टकराव पैदा करने और देश को बांटने की कोशिश हो रही है। इस पर हुसैन दलवई ने पलटवार करते हुए कहा कि आरएसएस, उसके अलग-अलग संगठन और भाजपा खुद वही काम कर रहे हैं, जिसकी बात मोहन भागवत कर रहे हैं। पहले अपने लोगों को देश में झगड़े और दरार पैदा करने से रोकना चाहिए। दलवई ने हिंदुत्व के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने कामों पर भी नजर डालनी चाहिए।

गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी को नसीहत दी थी कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करके सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। इस पर दलवई ने कहा कि भारत को बदनाम करने के लिए राहुल गांधी की जरूरत क्यों पड़ेगी? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया में भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए मौजूदा भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

भाजपा की ओर से कांग्रेस पर आदिवासी समुदाय के खिलाफ होने और राहुल गांधी के बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंचने का आरोप लगाए जाने पर दलवई ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भगवान बिरसा मुंडा का सम्मान करती है और उनका स्मरण करती है। उन्होंने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों में बड़े उद्योग लाने के नाम पर जंगलों को उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने असम और मणिपुर सहित अन्य क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को दूसरों को नसीहत देने के बजाय अपनी नीतियों पर ध्यान देना चाहिए।

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने आरोप लगाया था कि पहले पाकिस्तान में लिखी गई स्क्रिप्ट राहुल गांधी पढ़ते थे और अब ठाकरे बंधु ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने दोनों ठाकरे भाइयों को ‘जिहादी हृदय सम्राट’ भी कहा था। इस पर दलवई ने सवाल उठाया कि जब बालासाहेब ठाकरे हिंदू हृदय सम्राट थे, तब नितेश राणे के पिता ने शिवसेना क्यों नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाना गलत है। सरकार के गलत कामों पर सवाल उठाने का अर्थ यह नहीं है कि कोई पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में सांप्रदायिक माहौल बनाने का काम किया जा रहा है।

छठ पूजा और अजान के मुद्दे पर नितेश राणे की टिप्पणी का जवाब देते हुए दलवई ने कहा कि मनसे से सवाल पूछा गया है, इसलिए जवाब भी उसे ही देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अजान कुछ मिनटों की होती है और यदि सुबह के समय आवाज को लेकर किसी को शिकायत है, तो आवाज कम करने की बात कही जा सकती है।

एनसीपी (शरद पवार) की वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले ने कहा था कि यदि केंद्र सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखता है, तो उनकी पार्टी परिसीमन के लिए तैयार हो सकती है। इस पर दलवई ने आशंका जताई कि भाजपा की मंशा दक्षिण भारत की सीटें कम करने और कुछ अन्य क्षेत्रों की सीटें बढ़ाने की हो सकती है। विपक्षी दलों को एकजुट होकर इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए और सामूहिक रूप से फैसला लेना चाहिए। इस विषय पर केवल अलग-अलग बयान देने के बजाय विपक्ष की साझा रणनीति जरूरी है।